👉🏻इधर पूजा के लिए निकला परिवार, उधर ताला तोड़कर नकदी-जेवर ले उड़े बदमाश
कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल पार कर दिए। एक घटना में विद्युत विभाग के अधिकारी दंपती सिनेमा देखने गए थे, इसी दौरान चोर घर में दाखिल हो गए। वहीं दूसरी घटना में परिवार तीजा पूजा के लिए रिश्तेदार के घर गया था और पीछे से चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक AB टाइप CSEB कॉलोनी निवासी ऋषिकांत त्रिपाठी उत्तरप्रदेश विद्युत विभाग में सहायक अभियंता हैं। उनकी पत्नी रितिका मिश्रा DSPM कोरबा पूर्व में कार्यरत हैं। 12 सितंबर की शाम करीब 6:15 बजे दोनों घर में ताला लगाकर पॉम मॉल टीपी नगर में फिल्म देखने गए थे। रात करीब 9:45 बजे लौटे तो सामने का ताला खोलने के बाद दरवाजा अंदर से बंद मिला। पीछे जाकर देखा तो दरवाजे में लगी जाली कटी हुई थी। चोर इसी रास्ते से अंदर घुसे और टेबल पर रखा पुराना Samsung मोबाइल तथा हैंडबैग में रखा करीब 20 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी कर ले गए।
👉🏻पूजा करने गया परिवार, टूटा मिला घर का ताला
दूसरी घटना ITI रामपुर बस्ती वार्ड नंबर 37 में कौशिल्या बरेठ के घर हुई। वह 14 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे गणेश चतुर्थी के तीजा पूजन के लिए रिश्तेदार के घर गई थीं। उनका बेटा रात करीब 9 बजे ड्यूटी पर चला गया। अगले दिन सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी भी टूटी थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर 17 हजार रुपए नकद, सोने के तीन पुराने लॉकेट और चांदी की दो पायल समेत सामान गायब मिला। कुल मसरूका करीब 40 हजार रुपए बताया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




