👉🏻हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू
कोरबा-दीपका। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के हरदीबाजार (एसईसीएल प्रभावित) के सैकड़ों ग्रामीणों ने आज शनिवार सुबह 8 बजे दीपका मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हरदी बाजार के सरपंच की अगुवाई और क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व (समर्थन) में आयोजित इस उग्र आंदोलन के चलते एसईसीएल दीपका कार्यालय में कामकाज पूरी तरह से ठप्प रहा। ग्रामीण लंबे समय से लंबित अपनी जायज मांगों मुआवजा विसंगति दूर करने, रोजगार उपलब्ध कराने, पुनर्वास और बसाहट की व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी की।
👉🏻सुरक्षा बलों के साथ धक्का-मुक्की, बुजुर्ग महिला घायल
आंदोलन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दीपका, कुसमुंडा, हरदीबाजार तथा बांकी मोगरा थाना के पुलिस बल के साथ सीआईएसएफ (CISF) के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया था। प्रदर्शन के कुछ ही घंटों बाद सीआईएसएफ जवानों और ग्रामीणों के बीच बहस व धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान सीआईएसएफ जवान की लाठी से एक बुजुर्ग महिला को गंभीर चोट के कारण उसके हाथ में सूजन आ गई। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया ।
👉🏻प्रबंधन के साथ दो दौर की वार्ता विफल
जैसे-जैसे आंदोलन आगे बढ़ा, ग्रामीणों और एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई जिसे मौके पर मौजूद पुलिस और सीआईएसएफ जवानों ने शांत कराया। एसईसीएल दीपका प्रबंधन के साथ ग्रामीणों की दो दौर की वार्ता हुई लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी और बैठक विफल रही। विवाद का मुख्य केंद्र “बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स” की बैठक का स्थान रहा। एसईसीएल प्रबंधन ने ग्रामीणों को बिलासपुर स्थित मुख्यालय में बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव दिया जबकि ग्रामीण अपनी बात पर अड़े रहे कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक दीपका में ही आयोजित की जाए ।
👉🏻 एसडीएम की मौजूदगी में तीसरे दौर की वार्ता
एसईसीएल दीपका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ है। कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) विपिन दुबे की उपस्थिति में एसईसीएल के मुख्य महाप्रबंधक, क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल और ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई। वार्ता के दौरान ग्रामीणों की मांगों और दीपका में ही बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक आयोजित कर सभी मुद्दों का सिलसिलेवार निराकरण करने पर गहन चर्चा हुई।
👉🏻 मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान
नाराज ग्रामीणों ने दो टूक जवाब में स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी जायज मांगों का स्थायी निराकरण नहीं हो जाता, तब तक पंडाल लगाकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। स्थानीय एसईसीएल व प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि सक्षम अधिकारी वार्ता करने कोरबा आएं, उनसे वार्ता के बाद ही अपने आंदोलन का अगला रुख तय करेंगे। साथ ही यह भी कहा गया कि सीजीएम दफ्तर के गेट के सामने से पंडाल को हटाकर तोड़े गए अस्पताल के स्थल पर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस बात की चर्चा है कि संभवत: 21 सितंबर को सक्षम अधिकारी कोरबा आकर वार्ता कर सकते हैं।




