कोरबा। कोरबा जिले के सबसे पुरानी तहसील कटघोरा शहर में आयोजित हुए भव्य गणेशोत्सव के दौरान तमाम व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने वाले SDOP विजय सिंह राजपूत को प्रशंसा मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने उनकी सराहना की है। पुलिस अधीक्षक ने पत्र लिखकर राजपूत के कार्यों को उत्कृष्ट बताते हुए उन्हें बधाई दी है। 11 दिनों तक चले गणेशोत्सव में कहीं भी अप्रिय घटना सामने नहीं आई, जिसे पुलिस की सतर्कता और बेहतर रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।
SP सिद्धार्थ तिवारी ने अपने पत्र में SDOP विजय सिंह राजपूत को संबोधित करते हुए लिखा कि गणेश पूजा के दौरान उन्होंने लगातार पेट्रोलिंग कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। उनके प्रयासों से जिले में गणेशोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित नहीं हुई। SP ने उनके इस कार्य को अत्यंत सराहनीय एवं उत्कृष्ट श्रेणी का बताते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।

गौरतलब है कि SDOP विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में कटघोरा पुलिस अनुविभाग अंतर्गत व शहर में थाना प्रभारी एसआई राजेश तिवारी व उनकी टीम ने लगातार मोर्चा संभाले रखा। आयोजन स्थल पर सतत निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनीटरिंग के जरिए पुलिस टीम ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
👉🏻साइबर अपराधों के खिलाफ भी जागरूकता
SDOP विजय सिंह राजपूत ने गणेशोत्सव को केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रखा, बल्कि जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दी। गणेश पंडाल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के प्रति जागरूक किया गया। लोगों से सतर्क रहने और साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने की अपील की गई।लगातार निगरानी, मुस्तैदी और बेहतर पुलिसिंग के बीच कटघरा का 11 दिवसीय गणेशोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी अप्रिय घटना के बिना इतने बड़े आयोजन का पूरा होना पुलिस की सतर्कता और टीमवर्क को दर्शाता है।






