नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखा
कोरबा। बाँकी मोंगरा नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने शासकीय महाविद्यालय,बाँकी मोंगरा के परिसर में प्रभारी प्राचार्य एवं सहायक प्राध्यापक के बीच मारपीट को लेकर आयुक्त,उच्च शिक्षा विभाग,रायपुर को प्राचार्य,पीजी कॉलेज कोरबा के माध्यम से निलंबन की कार्यवाही की माँग की गई है। 15 दिवस में कार्यवाही न होने की दशा में घेराव की चेतावनी दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि -बाँकी मोंगरा के महाविद्यालय में वैसे तो अनेक समस्या है परंतु नवीन महाविद्यालय होने के कारण धीरे-धीरे समस्या का समाधान होगा, ऐसा सोचकर इंतजार किया जा रहा है। परंतु वर्तमान में देखा गया है कि महाविद्यालय में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य भुनेश्वर सिंह कंवर, सहायक प्राध्यापक रघुराज सिंह तंवर,रविंद्र कुमार पैकरा के द्वारा आपस में मारपीट जैसी गंभीर घटना महाविद्यालय परिसर में घटित की गई जो बहुत ग़लत है। इससे प्रतीत होता है कि शिक्षक, जिनको भगवान का दर्जा दिया जाता है, जिनसे भविष्य बनाने के उद्देश्य से सैकड़ो बच्चे शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं,उनके भविष्य का क्या होगा क्योंकि यह घटना बताती है। इनमें ख़ुद में समन्वय नहीं है तो बच्चो के भविष्य के ऊपर क्या ध्यान देंगे? महाविद्यालय परिसर का माहौल इन शिक्षकों के कारण ख़राब हो रहा है। महाविद्यालय परिसर जो कि उच्च शिक्षा का मंदिर है, वहाँ मारपीट जैसी घटना को अंजाम देना दिखाता है कि यह शिक्षक नहीं गुंडे विचारधारा के लोग हैं।इससे न केवल बाँकी मोंगरा का नाम ख़राब हो रहा है, साथ ही साथ शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है।
इस मामले को संज्ञान में लेकर 15 दिवस के भीतर इन शिक्षकों के सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाय अन्यथा हमारे द्वारा बिलासपुर स्थित क्षेत्रिय कार्यालय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।






