👉🏻दशहरा मेले में विवाद,समिति सदस्यों से भी मारपीट का आरोप
कोरबा। शहर के एमपी नगर मैदान में दशहरा मेले के दौरान विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। 20 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे हुई इस घटना को लेकर सिविल लाइन रामपुर थाना में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। एक पक्ष ने मो. साहिद, देवेन्द्र सिंह और चिकू पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष की रिपोर्ट में बीकॉम के छात्र विरेन्द्र प्रताप साही और उसकी मां पर गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
रामपुर हाउसिंग बोर्ड निवासी 19 वर्षीय विरेन्द्र प्रताप साही के मुताबिक, वह 20 अक्टूबर की रात एमपी नगर में दशहरा देखने गया था। वहां उसके बड़े पापा राहुल खुंटे ने स्टॉल लगाया था। आरोप है कि स्टॉल के पास मो. साहिद उनसे बहस कर रहा था। इसी दौरान साहिद ने राहुल खुंटे को लात मार दी। विरेन्द्र ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। मो. साहिद, देवेन्द्र सिंह और चिकू ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्के, लात और बेल्ट से मारपीट की। घटना में उसके हाथ, पैर, गर्दन, पीठ और मुंह पर चोटें आई हैं। उसने आसपास मौजूद लोगों के घटना का गवाह होने की बात भी कही है।
इधर,दूसरी तरफ झगड़ा शांत कराने पहुंचे समिति सदस्यों ने मारपीट का आरोप लगाया है।
दूसरी रिपोर्ट एमपी नगर निवासी 29 वर्षीय देवेन्द्र सिंह ने दर्ज कराई है। वह एमपी नगर दुर्गा समिति का सदस्य है। उसके मुताबिक, दशहरा मैदान में मो. साहिद का स्टॉल लगाने वाले एक व्यक्ति से विवाद हो रहा था। यह देखकर वह चिकू और समिति के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा और झगड़ा शांत कराने की कोशिश करने लगा।
देवेन्द्र का आरोप है कि इसी दौरान विरेन्द्र प्रताप साही और उसकी मां ने उसे तथा चिकू को गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के व थप्पड़ से मारपीट की। इस घटना में उसके सिर और छाती में दर्द होने की बात रिपोर्ट में दर्ज है।
👉🏻दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
सिविल लाइन थाना में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की शिकायतों पर BNS की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। एक पक्ष ने मो. साहिद, देवेन्द्र सिंह और चिकू को आरोपी बताया है, जबकि दूसरे पक्ष ने विरेन्द्र प्रताप साही और उसकी मां के खिलाफ आरोप लगाए हैं।






