👉🏻 वकीलों ने आरोपी का केस लड़ने से किया इंकार, नूतन लड़ेंगे पीड़ित का केस
कोरबा। रजगामार इलाके से 19 अक्टूबर को रहस्यमय तरीके से लापता हुई 7 वर्षीय बच्ची भव्या जोशी पिता प्रकाश जोशी के साथ निर्दयता करने वाले आरोपी अजय उर्फ अमित चौहान पिता बाबूलाल 42 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के द्वारा वैधानिक कार्रवाई करने के पश्चात आज दोपहर में आरोपी को विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद जब आरोपी को कक्ष से बाहर लाया जा रहा था, उस वक्त अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और अधिवक्ताओं ने मिलकर आरोपी अमित की अच्छी खासी ठुकाई कर दी। पुलिस की कस्टडी में लाए जा रहे आरोपी को अधिवक्ताओं ने दबोचा और जिसने जैसा पाया वैसा लात-मुक्का से उसे ठोंकना शुरू कर दिया। यह देखते ही पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गई और इनके और वकीलों की पकड़ से आरोपी को छुड़ाने की भरसक कोशिश करते नजर आए। प्रयासों के बाद हालांकि आरोपी को अधिवक्ताओं के बीच से निकाल कर आनन-फ़ानन में पुलिस वाहन ने बिठाकर सीधे जिला जेल ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर न्यायालय परिसर में गहमा-गहमी मची रही। अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान, सत्यव्रत उपाध्याय सहित अन्य अधिवक्ताओं ने संघ से आग्रह किया है कि इस आरोपी का केस कोई भी अधिवक्ता ना लड़े। इसी तरह जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व सचिव नूतन सिंह ठाकुर ने कहा है कि संघ के द्वारा ऐसा निर्णय लिया जाय कि कोई भी अधिवक्ता आरोपी का केस नहीं लड़ेगा। इसके अलावा नूतन सिंह के द्वारा पीड़ित परिवार को न्यायिक मदद दिलाने के लिए उसका केस लड़ने की बात कही गई है।
👉🏻 सुबह ग्रामीणों ने घेरा पुलिस चौकी
मासूम बच्ची के साथ हुए घटनाक्रम के बाद घटनास्थल ग्राम रजगामार से लेकर कोरबा शहर तक आक्रोश व्याप्त है। लोग तरह-तरह से अपना आक्रोश प्रदर्शित कर रहे हैं। जब आरोपी के गिरफ्तार होने की जानकारी आम हुई तो सुबह पुलिस चौकी पहुंचे सैकड़ो लोगों ने हंगामा कर दिया। उनकी मांग थी कि आरोपी को सामने लाया जाए। यदि पुलिस ने सतर्कता नहीं बरती होती और आरोपी को सामने लाया होता तो उसके साथ बड़ी अनहोनी हो सकती थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने लोगों को आश्वस्त किया कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे,आप लोग आरोपी को ले जाने दें व कार्रवाई करने दें। ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी देने की मांग बुलन्द की। ग्रामीणों के आक्रोश से बच-बचाकर आरोपी को मुख्यालय तक लाया गया। इस घटनाक्रम से आक्रोशित और उद्वेलित विभिन्न संगठन के लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर राजनीतिक संगठन) के द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर कठोर सजा दिलाने की मांग की गई है। इसी तरह आम आदमी पार्टी के द्वारा सुभाष चौक पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। रजगामार में कांग्रेस के द्वारा कैंडल मार्च निकालने की जानकारी मो. आवेश कुरैशी ने दी है।
👉🏻गिरा हुआ पैसा दिलवाने का झांसा देकर ले गया आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इस पूरे मामले का खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। बताया गया कि आरोपी की एक पत्नी रजगामार में भी रहती है। वह यहां अक्सर आना-जाना करता था घटना दिनांक को जब बच्ची सामान लाने के लिए किराना दुकान की ओर जा रही थी, तभी आरोपी उस रास्ते से गुजर रहा था। बच्ची का पैसा कहीं रास्ते में गिर गया था और आरोपी ने उसे उसका पैसा दिलवाने की बात कह कर अपने साथ ले लिया। फिर कुछ दूर ले जाने के बाद बच्ची के साथ घटना को अंजाम दिया। गांव के श्मशान घाट में मासूम की लाश मिली मासूम की हत्या की पुष्टि हुई है। उसके साथ बलात्कार की पुष्टि के लिए मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अलावा धारा 66 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 भी जोड़ी गई है। तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉🏻 एक पत्नी बालको में, दूसरी को रजगामार में रखा
गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ अमित चौहान पिता बाबूलाल 42 वर्ष ने दो शादियां की है। वह सेक्टर-5 बालको नगर का निवासी है जहां उसकी पहली पत्नी रहती है। उसने रजगामार चौकी क्षेत्र के रावणभाठा मोहल्ले में एक दूसरी पत्नी को भी रखा है। वह दूसरी पत्नी से मिलने अक्सर आया करता था। घटना दिनांक को भी वह अपनी दूसरी पत्नी के पास आया हुआ था। रास्ते में मासूम को देख उसकी नीयत बिगड़ी और उसने नीचता को अंजाम दिया।






