👉🏻घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में होगा कवि सम्मेलन-2026
👉🏻‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर जुटेंगे नामचीन कवि-कवयित्रि
कोरबा। हंसी के ठहाकों, व्यंग्य की धार, गीतों की मिठास और श्रृंगार की खूबसूरती से सजी काव्य संध्या का आनंद लेने का मौका कोरबा के नगरजनों व साहित्यप्रेमियों को मिलने जा रहा है। आगामी 30 अक्टूबर को निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा। ‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्रि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे और भावनाओं से जोड़ेंगे।
कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। अलग-अलग काव्य विधाओं के रचनाकारों की मौजूदगी से यह शाम साहित्य, मनोरंजन और संवेदनाओं का संगम बनेगी।
कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी हास्य कविताओं से श्रोताओं को हंसाएंगे। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर अपनी गीतात्मक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। पश्चिम बंगाल से पवन बांके बिहारी हास्य काव्य का रंग जमाएंगे, जबकि कटनी की प्रियंका मिश्रा श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बनाएंगी।
इसके साथ ही कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ भी अपनी हास्य कविताओं से कार्यक्रम में ठहाकों का रंग भरेंगे।
👉🏻शाम 7 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
कवि सम्मेलन 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को शाम 7 बजे से निहारिका स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम, कोरबा में आयोजित होगा। कविता के अलग-अलग रंगों से सजी इस महफिल में श्रोताओं को हंसी, संवेदना, प्रेम और जीवन से जुड़े अनुभवों को शब्दों में महसूस करने का अवसर मिलेगा।




