➡️ सरपंच चुनाव में हारने वाले की भेंट चढ़ गया मतगणना एजेंट, गड़बड़ी कराने का संदेह कर रची हत्या की साजिश
➡️ IG रामगोपाल गर्ग के निर्देशन एवं SSP भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में अंधेकत्ल का खुलासा
मुंगेली। वरिष्ठ जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (आईपीएस) ने बताया कि थाना सरगांव क्षेत्रांतर्गत ग्राम पेण्ड्री (स) में तुलसी साहू की हत्या के सनसनीखेज मामले को मुंगेली पुलिस ने टीमवर्क के साथ सुलझा लिया है। ग्राम पेन्ड्री (स) पंचायत में वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पहले मृतक का अपहरण किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे कीचड़ एवं झाड़ियों में फेंक दिया गया था। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
👉🏻संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था मृतक का शव
एसएसपी श्री पटेल ने बताया कि 26 अक्टूबर को सूचक चंदन साहू निवासी नगर पंचायत मारो ने थाना सरगांव में सूचना दी कि उसकी साली नीतू साहू का पति तुलसी साहू 32 वर्ष, 25 अक्टूबर की शाम लगभग 7 बजे घर से अपनी दीदी के घर सरगांव जाने के लिए निकला था। वहां से उसे अपने जीजा के साथ बेलगहना जाना था, लेकिन वह न तो घर लौटा और न ही दीदी के घर पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। सूचक एवं परिजनों के द्वारा तलाश किए जाने पर मृतक की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 28 पी 5824 ग्राम पेण्ड्री (स) स्थित जय भोलेनाथ राइस मिल के पास मिली। आगे तलाश करने पर गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे अपशिष्ट पानी से बने कीचड़ में कांटेदार झाड़ियों के बीच तुलसी साहू का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया तथा फारेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मर्ग जांच, परिजनों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतक की हत्या गला घोंटकर करने, दोनों पैरों को पीले रंग के बिजली के तार से बांधने तथा शव को छिपाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किए जाने की पुष्टि होने पर थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 103 एवं 238 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
👉🏻विवेचना हेतु विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के निर्देशन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल तथा थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल, मृतक के आवागमन, आसपास के क्षेत्रों एवं मृतक से संबंधित व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर विभिन्न पहलुओं पर विवेचना किया गया। इस दौरान पाया कि मृतक की मोटरसाइकिल मिलने का स्थान उसके घर से लगभग दो किलोमीटर दूर तथा शव मिलने का स्थान मोटरसाइकिल मिलने के स्थान से लगभग 700 मीटर की दूरी पर था। पुलिस टीम के द्वारा मुखबिर सूचना तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर सूचना तंत्र से इस मामले में सरपंच चुनाव में हार की रंजिश का महत्वपूर्ण सुराग सामने आया।
👉🏻सरपंच चुनाव में हार की रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस विवेचना में सामने आया कि ग्राम पेण्ड्री (स) निवासी संदेही धनीराम साहू वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में लगभग 8-9 वोटों से हार गया था। गांव का झुलुराम वर्मा चुनाव जीतकर सरपंच बना था तथा मृतक तुलसी साहू उनके मतगणना अभिकर्ता के रूप में कार्य कर रहा था। धनीराम साहू को संदेह था कि मतगणना के दौरान तुलसी साहू ने जानबूझकर कुछ वोट निरस्त करवाये, जिसके कारण उसे चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। इसी बात को लेकर वह मृतक से रंजिश रखने लगा था और उसकी हत्या करने की योजना बना रहा था। योजना को अंजाम देने के लिए धनीराम साहू ने अपने साले भुवन साहू को साथ लिया तथा ओमनारायण राजपूत के माध्यम से उसके दोस्त कोटा निवासी सुरेंद्र जोशी से संपर्क किया। सुरेन्द्र जोशी से मृतक का अपहरण करने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये में सौदा तय किया गया, जिसे धनीराम ने सुरेन्द्र को 70 हजार रुपये अग्रिम दिए और योजना बनाये कि सुरेंद्र जोशी अपने साथियों के साथ तुलसी साहू का अपहरण कर उसे धनीराम साहू एवं उसके सहयोगियों तक पहुंचायेगा। इसके बाद तुलसी (मृतक) से सरपंच चुनाव में कथित धांधली स्वीकार करने संबंधी स्टाम्प में लिखवाकर उसका वीडियो बनाने तथा उसकी हत्या करने की साजिश रची गई।
👉🏻अपहरण कर पंप हाउस में ले गए, फिर की हत्या
25 अक्टूबर की शाम सुरेंद्र जोशी अपने साथी कुणाल बक्शी निवासी अमेरी बिलासपुर और उसके 3 अन्य साथी के साथ निशान कार क्रमांक सीजी 10 सीई 2075 से सरगांव होते हुए ग्राम पेण्ड्री ‘स’ पहुंचे। शाम लगभग 7 बजे जब तुलसी साहू अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला, तब आरोपियों ने उसका पीछा किया और जय भोलेनाथ राइस मिल से लगभग 100 मीटर पहले आरोपियों ने रोड को सुनसान देखकर मोटरसाइकिल रुकवाकर तुलसी साहू को जबरन कार में बैठा कर अपहरण कर लिया। इसके बाद धनीराम साहू एवं उसका साला भुवन साहू भी आरोपियों के संपर्क कर बताये कि तुलसी साहू को उठा लिये हैं तब सभी मनियारी सरगांव के पास एक साथ मिले और मोटरसायकल में धनीराम और उसका साला भुवन साहू दोनों आगे आगे गये और पीछे कार में तुलसी साहू को लेकर सुरेन्द्र व साथी गणेश मिनरल्स के पहले पेन्ड्री ‘स’ पुनः उसी रोड मे टीकाराम साहू निवासी मोहभठ्ठा के ट्युबवेल के पास तुलसी साहू को सुरेन्द्र उसके साथी उतार कर तुलसी एवं मोबाइल को धनीराम को दे दिये। यहां से सुरेन्द्र व उसके साथी निकल गये। चूँकि टीकाराम साहू के खेत में ही धनीराम साहू का हार्वेस्टर चल रहा था जिससे वह ट्युब वेल का चाबी रखा था। धनीराम व उसका साला भुवन ने तुलसी साहू को ट्युबवेल के अंदर ले जाकर वहां उसे डराया-धमकाया और 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में कथित धांधली स्वीकार करने संबंधी शपथ पत्र लिखवाया गया। इस दौरान भुवन साहू के मोबाइल फोन से वीडियो रिकार्डिंग कर चुनावी रंजिश के चलते धनीराम साहू एवं भुवन साहू ने पंप हाउस में रखे बिजली के तार से मृतक के दोनों पैर बांध दिए और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद तुलसी साहू के शव को ठिकाने लगाने के लिए ओमनारायण राजपूत को फोन कर बुलाया फिर तीनो ने मिलकर शव को घसीटते हुये मोटरसाइकिल तक ले जाकर जाकर मोटसाइकिल मे बैठाकर गणेश मिनरल्स से निकलने वाले अपशिष्ट पानी के कीचड़ में सड़क किनारे फेंक दिया और झाड़ियों से ढककर छिपा दिया। धनीराम ने मृतक के जूते, जैकेट एवं मोबाइल चार्जर को पंप हाउस के पास स्थित पोल्ट्री फार्म के शेड में छिपाया तथा मोबाइल फोन को राकिंग ढाबा के पीछे खेत में फेंक दिया। धनीराम ने अपने गमछा को जला दिया और दूसरे दिन टीकाराम के पास जाकर चाबी देते हुये घटना के बारे में बताया तो मृतक का गमछा साथ में रखना एवं टीकाराम के बोलने पर साथ में मृतक तुलसी साहू के गमछा को उसके घर के पास जला कर साक्ष्य को मिटाये। आरोपियों द्वारा अपराध की स्वीकारोक्ति किया गया। प्रकरण में हत्या, साक्ष्य छिपाने की धारा के साथ आरोपियों के विरूद्ध गुप्त अपहरण, आपराधिक षड्यंत्र भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) एवं 61(2) जोड़ी गई।
👉🏻 नगद राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा
पुलिस महानिरीक्षक ने मामले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को नगद राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, उपनिरीक्षक महेश मिश्रा, सउनि निर्मल घोष, धर्मेंद्र शर्मा, प्र.आर. नोखेलाल कुर्रे, यशवंत डाहिरे, नरेश यादव, अशोक कौशिक, रवि जांगड़े, आरक्षक राहुल यादव, भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर जांगड़े, राहुलकांत कश्यप, राकेश बंजारे, अतुल ठाकुर, हेमसिंह ठाकुर, रामकिशोर कश्यप, बसंत डाहिरे, रिपीन बनर्जी, अजय रावत, विश्वनाथ सिंह, पंकज निर्णेजक एवं अनिल मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:-
- धनीराम साहू, पिता रामगोपाल साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी पेण्ड्री स, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
- भुवन साहू, पिता बीपत राम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी किरना, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
- ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत, पिता घनश्याम राजपूत, उम्र 25 वर्ष, निवासी पेण्ड्री स, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
- सुरेंद्र जोशी, पिता रेशम लाल जोशी, उम्र 25 वर्ष, निवासी दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।
- टीकाराम साहू, पिता चौतराम साहू, उम्र 53 वर्ष, निवासी मोहभट्ठा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली को जेल दाखिल कराया गया।
जप्त सामग्री:- पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिजली के तार के टुकड़े, मृतक के जूते, जैकेट, मोबाइल चार्जर, मोबाइल फोन, स्टाम्प पेपर, स्टाम्प पर लिखते हुए बनाया गया वीडियो, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, निशान कार तथा सुपारी की रकम में से शेष रकम 10 हजार रुपये।






