कोरबा। दिवाली की असली रोशनी सिर्फ घरों में जलने वाले दीपों से नहीं, बल्कि उन चेहरों पर खिलने वाली मुस्कान से पैदा होती है, जिन्हें जिंदगी ने कई मुश्किलों के बीच अकेला छोड़ दिया है। कोरबा जिले के शासकीय हाई स्कूल, ग्राम बुंदेली के स्काउट्स और गाइड्स ने इस दीपावली पर कुछ ऐसा ही उदाहरण पेश किया। पांच वर्षों से चली आ रही सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्काउट्स, गाइड्स की यूनिट ने ग्राम बुंदेली की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला वेद कुंवर के घर को अपने श्रम, स्नेह और संवेदना से रोशन कर दिया।

वेद कुंवर के पति का पिछले वर्ष निधन हो गया। उनका एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों विवाहित हैं और अलग रहते हैं। वे मजदूरी करके अपना जीवनयापन करती हैं। ऐसे में त्योहार की तैयारियां और घर की रंगाई-पुताई उनके लिए आसान नहीं थी, लेकिन इस बार धनतेरस के दिन उनके घर पर खुशियों की दस्तक हुई। स्कूल के 21 स्काउट्स और गाइड्स वहां पहुंचे और घर की रंगाई-पुताई, छपाई तथा साफ-सफाई का जिम्मा अपने हाथों में ले लिया। प्राचार्य अनीता ओहरी के मार्गदर्शन और गाइड केप्टिन पुष्पा शांडिल्य के नेतृत्व में स्काउट्स, गाइड्स ने पूरे उत्साह के साथ घर को संवारा।

किसी ने दीवारों पर रंग लगाया, किसी ने सफाई की जिम्मेदारी संभाली, तो किसी ने घर को त्योहार के लिए सजाने में सहयोग दिया। यह केवल रंगाई-पुताई और सफाई का काम नहीं था। स्काउट्स, गाइड्स ने एक बुजुर्ग महिला को यह एहसास कराया कि वह अकेली नहीं हैं।

त्योहार की खुशियां बांटने के लिए रिश्ते ही नहीं, संवेदनशील मन और सेवा का भाव भी जरूरी होता है। काम पूरा होने के बाद स्काउट्स, गाइड्स ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया और वेद कुंवर के साथ भोजन किया।

शासकीय हाई स्कूल, बुंदेली के स्काउट्स, गाइड्स के लिए यह पहल कोई एक दिन का आयोजन नहीं है। पिछले पांच वर्षों से वे हर दीपावली पर किसी जरूरतमंद परिवार के घर पहुंचकर श्रमदान करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी स्काउट्स, गाइड्स ने अपनी छुट्टियों और त्योहार की तैयारियों के बीच समय निकालकर एक बुजुर्ग महिला के घर को संवारने का संकल्प निभाया।

दीपावली के दिन भी स्काउट्स, गाइड्स ने वेद कुंवर के घर पहुंचकर रंगोली बनाने और दीप जलाकर घर को सजाने की योजना के अनुरूप खुशियां साझा कीं। साथ ही फल और मिठाइयां भी भेंट कीं। आसपास के छोटे बच्चों के साथ प्रदूषण रहित पटाखे जलाकर त्योहार का आनंद लिया।







