0 धान खरीदी से लेकर समितियों के पंजीयन, ऑडिट, निर्वाचन, प्रशासनिक व वित्तीय कार्य पर पड़ेगा असर
0 पहले से अमले की कमी से जूझ रहे कोरबा जिले के 2 सहकारी निरीक्षक भी तबादला सूची में
रायपुर/कोरबा। धान खरीदी अभियान के बीच गुरुवार को सहकारिता विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी हुई है। अवर सचिव, सहकारिता विभाग ने 28 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है। आदेश में 7 उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक (DR), 8 सहायक पंजीयक (AR), 3 सहकारिता विस्तार अधिकारी (CEO), 9 सहकारी निरीक्षक (CI) और 1 सहायक ग्रेड-2 (लिपिक) शामिल हैं।
धान खरीदी के बीच हुए इन तबादलों को विभागीय व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाए रखने की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पहले से ही अमले की कमी से जूझ रहे जिलों में इस फेरबदल के बाद धान खरीदी के साथ समितियों के पंजीयन, ऑडिट, निर्वाचन, प्रशासनिक और वित्तीय कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इसी दौरान अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले के आदेश से विभाग में हलचल मच गई है। कुछ इसे प्रशासनिक कसावट के लिहाज से देख रहे हैं, जबकि कई लोग धान खरीदी शुरू होने और अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी तय होने के बाद किए गए तबादलों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। आदेश में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को 5 दिनों के भीतर नवीन कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित को एकपक्षीय भारमुक्त माना जाएगा।
2 सहकारी निरीक्षकों के तबादले से कोरबा में आधे से भी कम रह जाएगा अमला
गुरुवार को जारी स्थानांतरण आदेश का असर आकांक्षी जिला कोरबा पर भी पड़ा है। कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं में पदस्थ सहकारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण जायसवाल और भूपेंद्र साहू का तबादला किया गया है। जायसवाल, जो प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखंड करतला की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे, को सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखंड पेंड्रा, कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही भेजा गया है। वहीं भूपेंद्र साहू, जो प्रभारी सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखंड पाली की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, का भी सहकारिता विस्तार अधिकारी विकासखंड पेंड्रा के पद पर स्थानांतरण किया गया है।
इन दोनों के तबादले के बाद कोरबा में पदस्थ सहकारी निरीक्षकों की संख्या महज 6 रह जाएगी। इनमें 2 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक हैं।
कोरबा जिले में सेटअप के अनुसार कुल 34 पद स्वीकृत हैं। इनमें 1 उप पंजीयक, 1 सहायक पंजीयक, 1 अंकेक्षण अधिकारी, 4 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक, 7 सहकारी निरीक्षक, 5 सहकारिता विस्तार अधिकारी, 7 उप अंकेक्षक, 3 सहायक ग्रेड-3, 2 सहायक ग्रेड-2, 1 सहायक ग्रेड-1 और 3 भृत्य के पद शामिल हैं।
वर्तमान में महज 9 पदों पर अधिकारी पदस्थ हैं। इनमें उप पंजीयक, 2 वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक और 6 सहकारी निरीक्षक शामिल हैं। सहायक पंजीयक, अंकेक्षक, उप अंकेक्षक, सहकारिता विस्तार अधिकारी और लिपिकों के पद पूरी तरह रिक्त हैं।
जिले की 60 प्राथमिक सहकारी समितियों में से 39 समितियों में संचालक मंडल का चुनाव नहीं हो पाने तथा शासन द्वारा अशासकीय व्यक्तियों (जनप्रतिनिधियों) को प्राधिकृत अधिकारी के रूप में नामित नहीं किए जाने के कारण मौजूदा अमले के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षकों और सहकारी निरीक्षकों को 5 से 7 समितियों तक का प्राधिकृत अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
लक्ष्मीनारायण जायसवाल और भूपेंद्र साहू भी क्रमशः करतला और पाली के सहकारिता विस्तार अधिकारी की दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इनके तबादले के बाद कोरबा में उप पंजीयक समेत महज 7 अधिकारी रह जाएंगे। इनमें वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक दीपक कंवर और संतोष कंवर तथा सहकारी निरीक्षक हरि चौहान, जी.डी. पांडे, श्रीमती सुष्मिता लकड़ा और श्रीमती सुभद्रा सिदार शामिल हैं।
इन अधिकारियों पर प्राथमिक सहकारी समितियों के पंजीयन, ऑडिट, निर्वाचन के साथ प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था की जिम्मेदारी है।
क्या पड़ेगा असर?
दो सहकारी निरीक्षकों के तबादले के बाद कोरबा में सहकारिता विभाग के कार्यदायित्व पर असर पड़ने के आसार हैं। मौजूदा धान खरीदी के साथ प्राथमिक सहकारी समितियों के पंजीयन, ऑडिट और निर्वाचन संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं। लिपिकों के पद रिक्त होने के कारण सहकारी निरीक्षक पहले से ही लिपिकीय कार्य भी संभाल रहे थे। ऐसे में प्रशासनिक, लिपिकीय और वित्तीय कार्यों का अतिरिक्त भार भी मौजूदा अमले पर आएगा।
दिसंबर-जनवरी माहांत तक 2 सहकारी निरीक्षकों के वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने के आसार भी हैं। पदोन्नति के बाद उनके जिले से अन्यत्र स्थानांतरण की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में यदि शासन ने जल्द ही कोरबा में सहकारी निरीक्षकों की पदस्थापना नहीं की तो विभागीय कामकाज पर और दबाव बढ़ सकता है।
प्रशासनिक कार्रवाई में राजनीतिक दखल?
विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान खरीदी अभियान के बीच सहकारिता विभाग में हुई इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के पीछे राजनीतिक दखल को भी एक वजह माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक माननीयों की अनुशंसा के आधार पर तबादलों की यह कार्रवाई हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।







