👉🏻एमआईसी सदस्य हितानन्द ने सीईओ को लिखा पत्र
कोरबा। BALCO द्वारा स्थानीय व्यापारियों की उपेक्षा के संबंध में वेदांता एल्युमीनियम एंड पॉवर बालको नगर, के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) राजेश कुमार को एमआईसी सदस्य हितानन्द अग्रवाल ने पत्र लिखा है। स्थानीय व्यापारियों के हित को देखते हुए सामाग्री खरीदी यहीं से करने का आग्रह किया गया है।
वार्ड 43 के पार्षद व एमआईसी सदस्य हितानन्द अग्रवाल ने बालको सीईओ को लिखे पत्र में कहा है कि आपके प्रतिष्ठित उद्योग द्वारा बालको परिक्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एवं व्यापारिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके लिए समस्त क्षेत्रवासी आपके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। किन्तु, वर्तमान में यह ज्ञात हुआ है कि आपके संस्थान द्वारा आवश्यक सामग्रियों की खरीदी स्थानीय व्यापारियों के स्थान पर बाहरी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे Amazon, Flipkart एवं Tata 1mg आदि से की जा रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
उक्त परिस्थिति के फलस्वरूप बालको एवं कोरबा परिक्षेत्र में व्यवसाय कर रहे लगभग 1000 से अधिक व्यापारी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से लगभग 10,000 से अधिक व्यक्तियों का रोजगार भी निर्भर है। आपके द्वारा स्थानीय (कोरबा के) व्यापारियों को छोड़ कर आवश्यक समाग्रियो की खरीदी बाहरी स्रोतों से की जा रही है। चूंकि आपका संस्थान कोरबा परिक्षेत्र में स्थित है तो आपको कोरबा परिक्षेत्र के व्यापारियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस हेतु छत्तीगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एवं जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स को विभिन्न व्यापारियों की शिकायते प्राप्त हो रही हैं।
हितानन्द अग्रवाल ने प्रबंधन/सीईओ से विनम्र अनुरोध किया है कि “स्थानीय क्रय वरीयता नीति” को लागू करते हुए आवश्यक सामग्रियों की खरीद में स्थानीय व्यापारियों को यथोचित प्राथमिकता प्रदान करने हेतु आवश्यक नीतिगत विचार एवं उपयुक्त दिशा-निर्देश प्रदान करने की कृपा करें, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक संतुलन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के उद्देर्थ्यो की पूर्ति सुनिश्चित हो सके। इससे न केवल क्षेत्रीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा, अपितु आपके संस्थान एवं स्थानीय समुदाय के मध्य समन्वय एवं विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा। प्रबन्धन से अपेक्षा की गई है कि उपर्युक्त विषय पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए समुचित पहल करने की कृपा करेंगे।








