शहीद वीर नारायण चौक पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
कोरबा-कटघोरा। कोरबा जिले के ग्राम रजगामार में दशहरा पर्व के एक दिवस पूर्व 7 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या और संभावित दुष्कर्म की घटना से लोगों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। इसी कड़ी में कटघोरा के युवाओं ने मासूम बच्ची को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। जयस्तंभ चौक से शुरू हुआ यह मार्च नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद वीर नारायण चौक पहुंचा, जहां उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत भव्या जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर मासूम बच्ची की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कैंडल मार्च में शामिल युवाओं और नगरवासियों ने इस जघन्य अपराध पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उपस्थित जनों ने एक स्वर में कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। साथ ही आरोपी को कानून के तहत शीघ्र कठोरतम सजा दिलाने की मांग उठाई गई।
👉🏻अपराधों पर अंकुश लगाने पुलिस प्रशासन से मांग

इस अवसर पर कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि मासूम के साथ हुई घटना अत्यंत दु:खद और निंदनीय है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही कोरबा जिले में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। कैंडल मार्च के दौरान पूरा माहौल गमगीन और आक्रोशपूर्ण नजर आया। लोगों ने कहा कि मासूम बच्ची को न्याय दिलाने के लिए मामले में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, ताकि समाज में अपराध करने वालों के बीच कानून का भय स्थापित हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी शेख इश्तियाक, नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल, सौरभ धृतलहरे, आकाश शर्मा, जय कंवर, जीतू महंत सहित अन्य युवा एवं नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय मिलने तक आवाज उठाने का संकल्प व्यक्त किया।






