🫵🏻जनपद के अधिकारियों का कुप्रबंधन, क्या होगी कार्रवाई..?
कोरबा-पाली। जिले में आयोजित हुए दो दिवासीय गरिमामय पाली महोत्सव के दौरान प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के स्थानीय प्रशासनिक अपमान का एक मामला सामने आया है।
पाली महोत्सव में आने वाले महिला-पुरुष दर्शकों के प्रसाधन सुविधा हेतु नगर पंचायत प्रशासन द्वारा चलित शौचालयों की व्यवस्था की गई थी। पृथक-पृथक व्यवस्था में महिला प्रसाधन के लिए लाए गए मोबाइल टॉयलेट के ऊपरी टूटे खुले हिस्से(छत) को ढंकने के लिए मुख्यमंत्री के तस्वीर लगी फ्लैक्स को इस्तेमाल किया गया था। यह तस्वीर अंदर नीचे की तरफ होने से सहज ही नजर आ रही थी। यह पोस्टर/फ्लैक्स लगाए जाने से चर्चा और विवाद की स्थिति बन गई है।
गौरतलब है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली महोत्सव राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्रमुख आयोजनों में से एक है, जिसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। 15-16 फरवरी को हुए महोत्सव की अनेक व्यवस्थाएं जनपद पंचायत द्वारा की गई थीं। आयोजन स्थल पर लाए गए चलित शौचालयों के छज्जे टूटे हुए थे, जिन्हें ढंकने के लिए ऊपर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के चित्र छपे पोस्टर-फ्लेक्स लगा दिए गए। इस दृश्य के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और स्थानीय प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
यह माना जा सकता है कि तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर छत ढंकने की व्यवस्था की गई थी किन्तु इसके लिए दूसरे इंतजाम भी किए जा सकते थे। यह बेहद आपत्तिजनक है कि प्रदेश के मुखिया की तस्वीर लगे फ्लेक्स के उपयोग का स्थान चयन में किसी तरह की गम्भीरता नहीं दिखाई गई। इस मामले में कार्रवाई अपेक्षित मानी जा रही है।





