🫵🏻 वार्षिक आमसभा में नए अध्यक्ष का बेहद प्रेरक व सकारात्मक उद्बोधन
🫵🏻 भोजराम देवांगन ने दिया नवाचार का मंत्र
🫵🏻 बुनकरों की समस्याओं पर हुई व्यापक चर्चा
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित की वार्षिक आमसभा की बैठक आज 20 फरवरी को बेबीलोन केपिटल वीआईपी चौक रायपुर में आयोजित की गई।
छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन के अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली आमसभा थी। रायपुर सहित अन्य जिले के समितियों के बुनकर यहाँ उपस्थित थे। इस अवसर पर बुनकरों ने अपनी समस्याओं से भी अध्यक्ष को अवगत कराया, जिसे श्री देवांगन ने तत्काल सुधारने का भरोसा दिया ।
आमसभा में अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ सहकारिता के माध्यम से आप सभी ने राज्य की बुनाई की परम्परा को जीवंत बनाये रखा है। बुनकर बदलते हुए आधुनिक परिवेश में भी सभी प्रकार के स्पर्धा के बावजूद अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है।
उन्होंने कहा कि बुनकर केवल धागों का शिल्पी नहीं है बल्कि समाज का संस्कार निर्माता है। उसके द्वारा बुना गया वस्त्र हर घर-घर में प्रवेश करता है और व्यक्ति को गौरव का अनुभव कराता है। वस्त्र केवल तन ढकने का साधन नही बल्कि मर्यादा और संस्कृति का प्रतीक है। यही कारण है कि समाज की सुन्दरता उसके कारीगरों के पसीने से निखरती है। कला के साथ आर्थिक स्वराज एवं स्वाभिमान तथा स्वदेशी जागरण आज के वोकल फॉर लोकल चेतना का आधुनिक रूप है। हमारे देश के प्रधानमंत्री वोकल फॉर लोकल को साकार करने में राज्य हाथकरघा संघ अग्रणी भूमिका निभाने की ओर अग्रसर है।
अध्यक्ष ने कहा किराज्य हाथकरघा संघ के माध्यम से राज्य के सांस्कृतिक एवं पारम्परिक वस्त्रों का उत्पादन कराकर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आज हमारा प्रयास रहेगा कि संघ में निफ्ट डिजाईनर एवं मार्केटिंग एक्सपर्ट की सेवा लेकर मूल्य संवर्धित (वेल्यू एडेड) वस्त्र उत्पादन को बढ़ावा देना है, ताकि अधिक से अधिक विपणन होने से हमारे बुनकर भाईयों के आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। हमारा प्रयास रहेगा कि बुनकर भाईयों के रोजगार में निरंतर वृद्धि हो। अध्यक्ष श्री देवांगन ने आमसभा की हार्दिक बधाई देते हुए बुनकरों के सदैव हित में बेहतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
👉🏻 भिंडी और भाजी के रेशे से धागा का नवाचार
इस अवसर पर उन्होंने चांपा के एक बुनकर का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने भिंडी और भाजी के रेशे से धागा बनाकर नवाचार का उदाहरण पेश किया है । इस वजह से उनको भारत सरकार की ओर से लाखों रुपये का अनुदान भी मिल रहा है। ऐसे ही नवीन कार्य आप सब भी कर सकते हैं जिससे न केवल छत्तीसगढ़ का देश में सम्मान बढ़ेगा बल्कि आपका जीवन स्तर भी सुधरेगा।
वार्षिक आमसभा में भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के सह-संयोजक नरेंद्र देवांगन, गुढ़ियारी के पार्षद राजेश देवांगन, राज्य योजना आयोग के पूर्व सदस्य दानसिंह देवांगन, लक्ष्मीनारायण देवांगन, टाकेश देवांगन समेत बुनकर समिति के अध्यक्ष और सदस्य मौजूद थे।





