कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शिवाय हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. संतोष राठौड ने थाना में एफआईआर दर्ज कराया है। सोशल मीडिया पर अपनी फोटो का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी प्रसारित किए जाने की शिकायत साइबर पुलिस थाना में की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. राठौड ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 11 अगस्त 2026 से अलग-अलग Instagram ID के माध्यम से उनकी फोटो और नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके नाम और फोटो से मिलता-जुलता एक फर्जी Instagram अकाउंट भी बनाया गया है।
👉🏻फोटो के साथ गंभीर आरोप लगा रहे
शिकायतकर्ता के मुताबिक इन सोशल मीडिया अकाउंट्स से उनकी फोटो के साथ बेहद आपत्तिजनक शब्द और गंभीर आरोप लिखकर पोस्ट किए जा रहे हैं। इनमें उन्हें ‘गे’, ‘फ्रॉड’, ‘चीट करने वाला’ और बच्चों से दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों से जोड़ने वाली टिप्पणियां भी शामिल हैं।
डॉ. राठौड का आरोप है कि इन पोस्ट को उनके परिचितों, मित्रों और अन्य लोगों तक लगातार शेयर किया जा रहा है। इससे उनकी सामाजिक और पेशेवर प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है तथा वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
अलग-अलग नामों से चल रही थीं ID
शिकायत में kavitasinghpatil, nandinikole6, bhopal gay group, lucky693006 और krishnakadam28 समेत कई Instagram ID का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा शिकायतकर्ता के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर बनाए गए फर्जी अकाउंट का भी जिक्र आवेदन में है।
डॉ. राठौड ने पुलिस से संबंधित Instagram अकाउंट, पोस्ट, फोटो, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने तथा उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
साइबर थाना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध IT Act की धारा 66C, 66D तथा BNS की धारा 356 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इन फर्जी अकाउंट्स के पीछे कौन व्यक्ति है और पोस्ट किस उद्देश्य से किए गए थे।
शिवाय हॉस्पिटल के डॉक्टर ने लिखाई FIR, जानें गंभीर मामला




