बाईपास मार्ग पर चौपाटी से चौपट होंगी अन्य व्यवस्थाएं
कोरबा। शहर क्षेत्र के व्यापारियों में तहसील कार्यालय से जारी सीमांकन सम्बन्धी नोटिस से खलबली मच गई है। इसका विरोध दर्ज कराते हुए व्यापारियों ने चेंबर पदाधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन से मुलाकात कर अपनी बात रखी। श्री देवांगन ने इस विषय में कलेक्टर से चर्चा करते हुए किसी भी तरह के निर्माण आदि नहीं कराने की बात कही है।
कुल 24 लोगों (22 व्यापारियों) को यह नोटिस जारी किया गया है। दरअसल, कुछ दिन पहले राजस्व,जल संसाधन और नगर निगम के कुछ अधिकारियों की टीम पावर हाउस रोड नहर पुल से राताखार की ओर जाने वाले बायपास मार्ग (दुबई रोड) पर पहुंची थी। यहां मल्टीलेवल पार्किंग के आसपास और आगे की भूमि की नाप जोख शुरू की गई जिसका स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया। इनके द्वारा विरोध दर्ज कराया गया कि बिना किसी सूचना और जानकारी के आखिर सीमांकन क्यों और कैसे किया जा रहा है? इस विरोध के बाद टीम वापस लौट गई और कुछ दिन बाद तहसील कार्यालय से एक नोटिस कुल 24 लोगों के लिए जारी होती है। नोटिस में विभिन्न निर्माण कार्यों का जिक्र है। यह नोटिस प्राप्त होने के साथ ही इस क्षेत्र के व्यापारियों में खलबली मच गई। जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स को अवगत कराते हुए उनके पदाधिकारी के साथ व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के निवास पहुंचकर मुलाकात की और सारी बातों को रखा। इनका विरोध इस बात को लेकर है कि उनके व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने नगर निगम द्वारा चौपाटी विकसित किए जाने की योजना है, साथ ही अन्य निर्माण भी कराए जाएंगे। इसकी वजह से उनका व्यवसाय प्रभावित होने के साथ-साथ अन्य समस्याएं भी उत्पन्न होगी जिसमें यातायात से लेकर अन्य समस्याएं प्रमुख हैं। बताया गया कि मंत्री श्री देवांगन ने इस संबंध में तत्काल कलेक्टर से मोबाइल पर चर्चा की और किसी भी तरह से फिलहाल कोई भी निर्माण कार्य वहां नहीं करने हेतु अपनी बात रखी। व्यापारियों को त्वरित राहत और आश्वासन तो मिल गया है लेकिन देखना है कि 23 सितंबर को होने वाला सीमांकन कराया जाता है या नहीं!निगम की बनाई गई योजना को किस तरह से अमलीजामा पहनाया जाएगा या फिर इस योजना को निरस्त कर दिया जाएगा?
👉🏻 जारी की गई है यह सूचना
नायब तहसीलदार कार्यालय से जारी सूचना में कहा गया है कि-
नगर पालिक निगम कोरबा के पत्र दिनाँक 17/08/2026 के अनुसार पावर हाउस रोड नहर के समीप जल संसाधन विभाग के नहर व नहर के पास स्थित भूमि ग्राम कोरबा में है। उक्त भूमि पर मल्टी लेवल कार पार्किंग के साथ-साथ फुट मॉर्केट, चौपाटी व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का निमाण प्रस्तावित है। उक्त वर्णित भूमि कुल ख.नं. 24, कुल रकबा 5.52 ए. का सीमांकन 23/09/2026 को समय 11 बजे किया जाना है। उपरोक्त सभी नियत समय पर सीमावर्ती भूमिस्वामियों के साथ मय दस्तावेज उपस्थित होवें ।
विशेष परिस्थितियों में सीमांकन तिथि एवं समय में परिवर्तन होगा।




