कोरबा। जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कोरबा में साइबर पुलिस थाना की घोषणा की गई है। हालांकि, अभी थाना का विधिवत उद्घाटन और प्रभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शेष है, जिसे जल्द की पूरा कर लेने की तैयारी हो रही है। सम्भवतः 26 जनवरी के बाद इसे मूर्त रूप दे दिया जाएगा।
गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की अधिसूचना दिनांक 21 नवंबर 2025 के तहत यह थाना गठन की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार साइबर पुलिस थाना कोरबा में कुल 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। कोरबा जिला में साइबर थाना के गठन से ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और डिजिटल अपराधों की जांच में तेजी आएगी। आम नागरिकों को भी अब साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अलग से थाना स्तर पर सुविधा मिलेगी। यह आदेश 24 जनवरी 2026 से प्रभावशील माना गया है।



