कोरबा। भारत देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाने की तैयारी की जा रही है। 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम से पूर्व देश की अस्मिता और आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा ध्वज को लेकर लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगाने व राष्ट्र वंदना के भाव से तिरंगा यात्रा का आयोजन प्रदेश सहित कोरबा जिले में भी किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोग इस यात्रा में जोर-जोर से लगे हुए हैं साथ ही अन्य लोगों के द्वारा भी अपनी सहभागिता तिरंगा के सम्मान में निकाली जा रही यात्रा में निभाई जा रही है।
इस कड़ी में नगर पालिक निगम के बालको क्षेत्र के पार्षद व पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल के द्वारा बालको मंडल अध्यक्ष डिलेंद्र यादव, वरिष्ठ नेत्री मंजू सिंह आदि के साथ अगुवाई में बालको क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बालको क्षेत्र की गलियों-मोहल्लों से भारत माता के जयकारे लगाते हुए यह यात्रा आगे बढ़ती रही लेकिन इस यात्रा के दौरान सबसे आगे चल रहे पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने जो तिरंगा ध्वज पकड़ रखा था, वह उल्टा था। उनके पीछे भी कुछ हाथों में थामे हुए ध्वज उल्टे नजर आए। बालको क्षेत्र की गलियों में यह पूरी यात्रा उल्टे तिरंगा ध्वज के साथ संपन्न हो गई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस यात्रा का जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया गया। जब यह ध्यान आया कि अरे, तिरंगा ध्वज उल्टा लग गया था, तब आनन-फानन में सोशल मीडिया से सारी तस्वीरें और वीडियो डिलीट कराई गई। अब उल्टा तिरंगा ध्वज के साथ तिरंगा यात्रा निकल जाने को लेकर क्षेत्रवासियों और दूसरे लोगों में चर्चा है कि आखिर ऐसी भी क्या हड़बड़ी थी कि तिरंगा ध्वज को लगाते वक्त सही-गलत का ध्यान नहीं रखा गया। और जब पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने अपने हाथ में झंडा थामा तो उन्होंने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। क्या सोशल मीडिया में देशभक्ति दिखाने की इतनी जल्दबाजी थी कि खुद के और दूसरे के हाथ में थामे उल्टे ध्वज पर किसी की नजर ही नहीं गई! इस तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ नेताओं में शुमार बालको मंडल अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भी शामिल थे। अब भला पूरी यात्रा में हुए तिरंगे के इस अपमान पर इन्हें कौन क्या कहेगा…? जैसे, जिला संगठन,तिरंगा यात्रा प्रभारी…आदि-आदि क्या कुछ कर व कह सकेंगे, अथवा मानवीय त्रुटि मानकर आंखें फेर लेंगे…?
KORBA में उल्टा तिरंगा लेकर यात्रा में घूमते रहे पूर्व नेता प्रतिपक्ष






