कोरबा। गौमुखी सेवा धाम देवपहरी मे 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संस्था के प्रथम अध्यक्ष श्रेष्ठ सिंह ठाकुर, विशिष्ट अतिथि द्वितीय अध्यक्ष डॉ. ध्रुव बैनर्जी एवं वर्तमान अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल के आतिथ्य में ध्वजारोहण किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया गया। मंचासीन देवपहरी सरपंच श्रीमती हीराबाई राठिया, प्रकल्प प्रमुख डॉ. देवाशीष मिश्रा एवं वरिष्ठ सदस्य श्री प्रेमदास महंत का भी तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

स्वागत समारोह के पश्चात एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवपहरी के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक एवं संदेशप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रबल किया।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों श्री गोपाल अग्रवाल, डॉ. ध्रुव बैनर्जी एवं श्री श्रेष्ठ सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

संस्था के कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता ने गौमुखी सेवा धाम में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी बालक-बालिकाओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय के शिक्षक तथा मां सिद्धिदात्री मंदिर के पुजारी श्री रामाश्रय पाण्डेय ने किया।


















