0 अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रभारी का सामाजिक सरोकार
कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के समस्त थाना व चौकियों में भी कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस कड़ी में सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र में राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण मनाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एएसआई विभव तिवारी व स्टाफ के द्वारा सामाजिक सरोकारों को आयोजनों में प्राथमिकता दी जाती है। इस कड़ी में पुलिस सहायता केंद्र प्रांगण में 85 वर्षीया जोधिन बाई के मुख्य अतिथि में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण के पश्चात जोधिन बाई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपस्थित पुलिस कर्मियों के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई, राष्ट्रगान गया गया और भारत माता के जयकारे लगाए गए।
इस अवसर पर पुलिस सहायता केंद्र स्टाफ के द्वारा वृद्धजनों व आगंतुकों को मिष्ठान का वितरण कर और उनका आशीर्वाद लिया गया। एएसआई विभव तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में सजग व सतर्क पुलिसिंग के साथ-साथ समुदाय से भी जुड़कर कार्य किया जा रहे हैं।
गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही पुलिस सहायता केंद्र भवन को विद्युत झालरों और तिरंगे गुब्बारों से दुल्हन की तरह सजाया गया। इसकी छटा देखते ही बन रही है। पूरा भवन रोशनी से नहाया हुआ और जगमग नजर आ रहा है।


















