कोरबा। कन्या महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तहत बुधवार को गडकटरा-सतरेंगा के पास जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने शामिल होकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में बालको थाना से वर्षा सिंह एवं अजय पटेल सहित यातायात विभाग से एएसआई मनोज राठौर, आरक्षक अजय राजवाड़े, कृष्णा साहू एवं हेड कांस्टेबल मेहमान कुर्रे उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों के पालन तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया।
एनएसएस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ ही विभिन्न विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। सात दिवसीय शिविर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी यातायात नियमों को लेकर जानकारी प्राप्त की और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।






