
0 विजयादशमी पर किया गया रावण दहन

कोरबा। ऊर्जाधानी में भी दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है। जगह-जगह समितियों के द्वारा आकर्षक पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा विराजित की गई है लेकिन इन सभी पंडालों के बीच पुराना बस स्टैंड में निर्मित पंडाल न सिर्फ सबसे अनूठा है बल्कि इस तरह का कलात्मक पंडाल पूरे छत्तीसगढ़ में कहीं भी देखने को नहीं मिलेगा। यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे लोगों को यह कलाकारी और आकर्षण खूब पसंद आ रहा है।

श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा एवम दशहरा उत्सव समिति पुराना बस स्टैंड कोरबा द्वारा आयोजन के 60 वें वर्ष उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।नवरात्रि की षष्ठी तिथि 9 अक्टूबर से यहां विधि-विधानपूर्वक मूर्ति स्थापना कर पूजा प्रारंभ गई।
0 डेढ़ माह में तैयार हुआ, मूर्ति भी यहीं बनी
समिति के सचिव प्रवीण पांडेय ने बताया कि इस बार कुछ अलग स्वरूप में पंडाल का निर्माण करने की सोची गई और इसे साकार किया गया। पंडाल के निर्माण में डेढ़ माह का वक्त लगा और डेढ़ माह से कोलकाता के कारीगरों ने कोरबा में रहकर इस कार्य को अंजाम दिया। ट्रक में भरकर जरूरी सभी सामान कोलकाता से कोरबा लाए गए। वजन में हल्की सिल्वर धातु का उपयोग कर पूरी सजावट की गई है। यह पण्डाल प्रकाश पर्व को उल्लेखित करता है। दरबार के प्रवेश द्वार पर सैनिकों की भूमिका में पुतले बनाए गए हैं। सैनिकों के पुतले बनाने के लिए लोटा का इस्तेमाल किया गया, बाल्टी को दो टुकड़ों में काटकर इस्तेमाल किया गया और सिल्वर धातु के पाइप्स को बड़ी कारीगरी से सलीकापूर्वक सजाया गया। विभिन्न मूर्तियों का निर्माण गणों के रूप में किया गया है। परंपरागत सूपा से मां का दरबार सजाया गया है। श्री पांडे ने बताया कि मां की मूर्ति भी इसी पंडाल में तैयार कराई गई है।
कलाकारों की अथक मेहनत लोगों को खूब पसंद आ रही है। समिति का प्रयास हर साल कुछ नया करने की रही है। श्री पांडेय ने नगर व जिला वासियों से आग्रह किया है कि वे एक बार जरूर पंडाल में पहुंचकर कारीगरी के उत्कृष्ट हुनर से निर्मित पंडाल और मां की भव्य प्रतिमा के दर्शन का लाभ प्राप्त करें क्योंकि इसे न देखा तो फिर क्या देखा…! सोमवार 14 अक्टूबर को प्रतिमा का विसर्जन विधि विधान से किया जाएगा।
0 रावण दहन में आतिशबाजी का आकर्षण
समिति द्वारा 12 अक्टूबर को बस स्टैंड परिसर में रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। रावण दहन से पूर्व समिति के द्वारा आकर्षक आतिशबाजी कराई गई। भगवान राम-लक्ष्मण और हनुमान की पूजा- अर्चना के पश्चात रावण के पुतले का दहन किया गया। इसके साथ ही जय श्री राम के जयघोष से बस स्टैंड परिसर गूंज उठा। आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा पूजा एवम दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक– सत्येन्द्र वासन ,सुरेंद्र लाम्बा, राकेश अग्रवाल, अध्यक्ष– गोपाल अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष-अनिल जायसवाल, सचिव –प्रवीण पांडे, पूजा समिति –अंजू साहू, रितेश अग्रवाल, गजेंद्र जायसवाल, समीर मजुमदार, तिलक राज अरोरा, रोशन जायसवाल , राजा राव, संतोष पाल, नीतेश साहू, उमेश अग्रवाल, राजेन्द्र मेहता सहित सभी सदस्य भूमिका निभा रहे हैं।






