0 जिला अधिवक्ता संघ में विश्वास और मजबूत पकड़ बरकरार
कोरबा। मिशन रोड निवासी अधिवक्ता अमरनाथ कौशिक ने एक बार फिर अपनी लोकप्रियता और विश्वास को कायम रखते हुए अधिवक्ता संघ के द्विवर्षीय चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि वे लगातार आठवीं बार इस पद पर निर्वाचित हुए हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।
3 जनवरी 1967 को जन्मे श्री कौशिक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कनकी हाई स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कमला नेहरू महाविद्यालय से बीए की डिग्री हासिल की और आगे चलकर विधि की पढ़ाई पूरी कर अधिवक्ता के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।
अधिवक्ता संघ की राजनीति में श्री कौशिक का सफर बेहद मजबूत और प्रभावशाली रहा है। अब तक हुए हर चुनाव में उनके सामने खड़े हुए प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है। उनकी इस लगातार जीत को उनकी कार्यशैली, पारदर्शिता और अधिवक्ताओं के बीच मजबूत विश्वास का परिणाम माना जा रहा है।
सहज, सरल और मृदुभाषी स्वभाव के धनी श्री कौशिक अधिवक्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उनकी मिलनसार छवि और सभी के साथ बेहतर समन्वय की क्षमता ने उन्हें संघ में एक अलग पहचान दिलाई है। अधिवक्ता संघ में उनकी पकड़ को “बरगद के पेड़” की तरह मजबूत बताया जाता है, जो हर चुनाव में और अधिक सुदृढ़ होती जा रही है।
उनकी इस जीत पर अधिवक्ता साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि वे आगे भी संघ की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हुए अधिवक्ताओं के हित में कार्य करते रहेंगे।






