कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम माचाडोली से 12 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। बच्चे के परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर बांगो थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम माचाडोली निवासी प्रमिला पोर्ते ने थाना पहुंचकर बताया कि उनका पुत्र विनोय कुमार पोर्ते (12 वर्ष 6 माह) सरस्वती शिशु मंदिर, माचाडोली में कक्षा आठवीं का छात्र है। 12 जुलाई की सुबह वह अपने साथियों के साथ बांगो डेम में नहाने गया था। इसी दौरान उसके पिता ने उसे देख लिया और डांट-फटकार लगाकर अपने काम पर चले गए।
बताया गया कि दोपहर करीब 3:30 बजे बालक बिना किसी को बताए घर से निकल गया। जानकारी के अनुसार वह गनपत बस में बैठकर कटघोरा पहुंचा और वहां बस से उतरते समय लोगों से बिलासपुर जाने की बात कही। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बांगो थाना में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
हुलिया: विनोय की लंबाई लगभग 4 फीट 3 इंच, रंग सांवला, दोहरा शरीर, गोल चेहरा, छोटे घुंघराले बाल हैं। वह घटना के समय हाफ टी-शर्ट, लोअर और पैरों में स्लीपर पहने हुए था। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलता है।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है। यदि किसी व्यक्ति को विनोय कुमार पोर्ते के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या बांगो थाना से संपर्क करने की अपील की गई है।
KORBA:डांट से नाराज पुत्र लापता,परिजन परेशान,गुमशुदगी दर्ज कर तलाश जारी







