अन्य घटना में चाकू, चूड़ा, कैंची से हमला कर घायल किया आरोपियों ने
कोरबा। जिले में मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में पति समेत तीन लोग घायल हो गए। एक मामले में प्रसाद को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी ने कैंची से हमला कर पति को जख्मी कर दिया। शराब के नशे में चाकू से पेट पर वार करने तथा बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को भी घायल करने का मामला है। एक अन्य मामले में लड़कियों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए नाबालिग से युवकों द्वारा चूड़ा और कैंची से मारपीट किए जाने की रिपोर्ट है। पुलिस ने तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
👉🏻 प्रसाद की बात पर पत्नी भड़क उठी
पंपहाउस मेग्जीन भांठा निवासी जितेंद्र सुर्गे रिस्दी स्थित बोरवेल्स दुकान में मजदूरी का काम करता है। 8 नवंबर दीपावली की रात करीब 10 बजे वह बाहर से प्रसाद लेकर घर पहुंचा। इस दौरान उसकी पत्नी ज्योति सुर्गे ने प्रसाद लेने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद के दौरान पत्नी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और घर में रखी दाढ़ी-मूंछ काटने वाली कैंची से सीना और पीठ पर वार कर जख्मी कर दिया। लहूलुहान जितेंद्र सुर्गे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पत्नी ज्योति सुर्गे के विरुद्ध धारा 115(2), 296 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
👉🏻घर आकर चाकू से पेट में मारा,बचाने वाले को भी जख्मी किया
प्रार्थी ग्राम आंछीमार निवासी कुंदन भट्ठ ड्रायवरी का काम करता है। 9 नवंबर को वह रिस्दी पेट्रोल पंप के पीछे काम कर रहा था। इसी दौरान जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर अपने घर आने के लिए कहा। कुंदन ने अपने घर पहुंचने के बाद रात करीब 10.30 बजे जोगी राम मिरी को बात करने के लिए कहा तो वह पीड़ित के घर के पास आ गया। फिर आरोपी ने शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन के पेट पर वार कर दिया। घटना देखकर आशिष भट्ठ बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके हाथ की अंगुली में भी चाकू से चोट पहुंचाई गई। कुंदन भट्ठ की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी जोगी राम मिरी के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
👉🏻लड़कियों को छेड़ते हो, कह कर नाबालिग को चूड़ा व कैंची से मारा
गेवरा बस्ती कुसमुंडा निवासी 17 वर्षीय तुषार कुर्रे ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराया है। रिपोर्ट के मुताबिक 09 नवंबर को शाम करीब 4 बजे वह घर लौट रहा था। जैतखाम के पास मोटरसाइकिल से नीरज बिंझवार, सत्यम और एक अन्य युवक दिनेश रात्रे पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने तुषार से लड़कियों को छेड़ने की बात कहते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इंकार करने व गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्का, चूड़ा और कैंची से मारपीट की, जिससे तुषार के सिर और कमर में चोट लगी तथा खून निकला। कुसमुंडा पुलिस ने तुषार कुर्रे की रिपोर्ट पर आरोपी सत्ययम, दिनेश रात्रे और नीरज बिंझवार के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।







