👉🏻अटल जी के बाद अब छत्तीसगढ़ महतारी की प्रस्तावित प्रतिमा स्थल पर सवाल
कोरबा। जिले के कटघोरा में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर उठा विवाद अभी गर्माया हुआ है कि अब एक और मामला सियासी और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
आरोप है कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के लिए चयनित स्थल पर नियम-कायदों को ताक पर रखकर अन्य निर्माण कराया जा रहा है। इस मामले को लेकर स्थानीय से उच्च स्तरीय शिकायत कर निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
आरोप है कि कथित मिलीभगत से यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटघोरा परिसर के पास प्रस्तावित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थल पर अवैध निर्माण को रोकने एवं हटाने की मांग तेज हुई है।
वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद व नगर पालिका की अपीलीय समिति के सदस्य किशोर दिवाकर ने कलेक्टर से की गई शिकायत में कहा है कि नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटघोरा परिसर के पास छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापना प्रस्तावित किया गया है। उक्त स्थल पर किसी व्यक्ति / संस्था द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा है। छत्तीसगढ़ महतारी के प्रतिमा स्थापना हेतु प्रस्तावित स्थल पर अवैध निर्माण होने से नागरिकों में आक्रोश की भावना व्याप्त है, जो कभी भी उग्र रूप ले सकती है। किशोर दिवाकर सहित वार्ड 2 और 7 के पार्षद ने भी समर्थन कर जिला व पालिका प्रशासन से मांग की है कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता को ध्यान में रखते हुये उक्त स्थल पर किये जा रहे अवैध निर्माण को तत्काल रोकने एवं हटाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करेंगे।



















