👉🏻 अवैध नशा बिक्री का विरोध के कारण नाराज थे हमलावर
👉🏻नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास मारपीट कर फेंका
कोरबा। चौकी रजगामार पुलिस ने बलवा, मारपीट, रास्ता रोककर लूट एवं जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना को लेकर यह बात भी सामने आई है कि भाजपा नेता (किसान मोर्चा) के द्वारा निर्माणधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में अवैध नशा की बिक्री और यहां काम करने वाले लोगों को नशा की लत लगवाने का विरोध किया जा रहा था। लंबे समय से वह इस बात का विरोध कर रहा था जो नशा के सौदागरों को नागवार गुजरा और उस पर हमला किया गया। जब वह रात के वक्त अपनी दुकान बन्द कर घर लौट रहा था, तब उसके कर में तोड़फोड़ की गई और जनलेवा हमला किया गया।

प्रार्थी द्वारा चौकी रजगामार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया तथा गाली-गलौच करते हुए लोहे के रॉड एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों द्वारा प्रार्थी की कार में तोड़फोड़ करते हुए उसके पास रखी ₹60,000/- की नकदी लूट ली गई तथा घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी रजगामार में अपराध क्रमांक 401/2026 अंतर्गत धारा 109, 309, 324, 126(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन व बालको थाना प्रभारी निरीक्षक युवराज तिवारी के नेतृत्व में चौकी रजगामार प्रभारी के साथ पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड एवं लूटी गई नकदी बरामद कर विधिवत जप्त की गई।
👉🏻गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- लक्ष्मी नारायण खाण्डे, पिता स्व. हीरा लाल खाण्डे, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम करूमौहा रजगामार, जिला कोरबा (छ.ग.)।
- संदीप खाण्डे, पिता स्व. हीरा लाल खाण्डे, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम करूमौहा रजगामार, जिला कोरबा (छ.ग.)।
- गंगासागर खाण्डे, पिता राम जनक प्रसाद खाण्डे, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम करूमौहा रजगामार, जिला कोरबा (छ.ग.)।
- अरुण खाण्डे, पिता लक्ष्मी नारायण खाण्डे, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम करूमौहा रजगामार, जिला कोरबा (छ.ग.)।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि वह “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस प्रकार की अभियानात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।







