कोरबा/जांजगीर-चाम्पा। कोरबा जिले से सनसनीखेत खबर है जिसमें एक गैरेज मिस्त्री ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो बनाया जो सत्यसंवाद तक पहुंचा है। युवक ने जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा थाना(चौकी) में पदस्थ किसी आरक्षक के द्वारा फोन आने के बाद टेंशन में यह कदम उठाना स्पष्ट किया है।
निःसंदेह वर्तमान में जिलों के एसपी द्वारा सकारात्मक प्रयास करते हुए जनता के बीच पुलिस की छवि को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है लेकिन फिर भी कुछ थाना-चौकी में पदस्थ कर्मचारियों की धमकी- चमकी और भयादोहन की प्रवृत्ति के कारण लोगों में पुलिस की नकारात्मक छवि आज भी बनी हुई है। ऐसे लोगों के कारण ही आम आदमी में इस बात का डर रहता है कि वह थाना की दहलीज पर पहुंचा तो किसी न किसी तरीके से प्रताड़ना अथवा भयादोहन का शिकार होगा।
कुछ ऐसी ही आशंका से ग्रसित एक युवक ने अपनी जिंदगी तमाम कर ली। मामला कोरबा जिले के उरगा थाना अंतर्गत का है जहां अशोक लीलैंड नामक कंपनी में कार्यरत युवा मिस्त्री सनत कश्यप निवासी अकलतरा, जिला जांजगीर-चाम्पा ने सीलिंग पंखा के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। घटना आज शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना बाद मौके पर पहुंची उरगा पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर वैधानिक कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। इस घटना को लेकर एक वीडियो सामने आया है जो सनत कश्यप ने अपने मृत्यु से पहले बनाया।
👉🏻 मृतक का रूम पार्टनर है फरार युवक
सूत्रों से मिली प्रारम्भिक जानकारी मुताबिक धीरज पाटले जो कि सनत कश्यप के साथ ही रूम शेयर कर रहता था और मिस्त्री का भी काम करता है, वह कल दोपहर से भाग गया है। शाम को पता चला कि उसने पंतोरा पुलिस चौकी क्षेत्र की किसी युवती को अपने साथ भगाया है। युवती के परिजन ने पंतोरा चौकी में धीरेंद्र पाटले के विरुद्ध शिकायत किया और जब पंतोरा चौकी के किसी आरक्षक ने पूछताछ के संबंध में सनत कश्यप से फोन पर बात की और उसे चौकी आने के लिए बुलाया तो इससे सनत कश्यप काफी भयभीत हो गया।
👉🏻 वीडियो में कही यह बात..
सनत ने अपने बनाये हुए वीडियो में कहा है कि- घर वालों की तरफ से कोई टेंशन नहीं है, मुझे पंतोरा थाना के पुलिस वाले गाली-गलौज कर रहे हैं। जब कुछ किया नहीं तो इतना गाली दिए हैं बुलाए हैं, वहां जाऊंगा तो फिर क्या करेंगे। बहुत टेंशन में हूं, घर वालों की तरफ से कोई टेंशन नहीं है, धीरेंद्र को भगाने में मेरा कोई हाथ नहीं है….।
इसके बाद सनत कश्यप ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक अपने परिवार में चार भाईयों में सबसे छोटा था। गघटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन कोरबा पहुंचे। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं एक बार फिर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, मामलों में पूछताछ करना पुलिस की अपनी कार्यप्रणाली है लेकिन कई बार यही कार्यप्रणाली सीधे-साधे लोग रवैये के कारण झेल नहीं पाते।





