कोरबा। पूर्व पार्षद एवं नगर पालिक निगम के एमआईसी सदस्य रहे व मण्डल अध्यक्ष पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई। उन्होंने आरोपी के घर से भाग कर अपनी जान बचाई। सिविल लाइन रामपुर थाना में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रदीप कुमार राय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 9 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे वह बच्चों को स्कूल छोड़ने गया था। इसी दौरान आम बगीचा, पोड़ीबहार के पास देव प्रसाद यादव मिला और उसे अपने घर आने के लिए कहा।
प्रदीप के अनुसार, स्कूल से लौटने के बाद जब वह देव प्रसाद यादव के घर पहुंचा तो उसके साथ गाली-गलौच की गई। आरोप है कि देव प्रसाद यादव ने उसकी स्कूटी की चाबी भी छीन ली और जान से मारने की धमकी दी।
प्रदीप ने अपने आवेदन में आगे बताया कि विरोध करने पर देव प्रसाद यादव घर के अंदर गया और डंडा/धारदार हथियार लेकर उस पर हमला करने के लिए बाहर आया। अपनी जान को खतरा महसूस होने पर प्रदीप वहां से भागकर अपने घर पहुंचा। घटना के बाद उसने खुद को भयभीत बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
प्रदीप कुमार राय द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने देव प्रसाद यादव के विरुद्ध धारा 296 और 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है। प्रदीप कुमार राय कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष भी हैं।
KORBA: पूर्व MIC मेंबर को जान बचाकर भागना पड़ा, घर बुलाकर हमले का प्रयास






