बिलासपुर/कोरबा। कोरबा की रहने वाली 25 वर्षीय युवती के साथ बिलासपुर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चालक ने पहले ग्राहक बनकर युवती से संपर्क किया और बीमा पॉलिसी लेने के बहाने उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक सलूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, लॉज में युवक का पहचान पत्र जमा नहीं कराने के मामले में संचालक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की बात कही गई है।
जानकारी के मुताबिक मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। वह लोगों को बीमा पॉलिसी की जानकारी देकर ग्राहक बनाती है। 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक किया था। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा बाइक लेकर पहुंचा और उसे रेलवे स्टेशन छोड़ा। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ। युवती ने उसे अपने काम और बीमा प्लान के बारे में भी बताया था।
शिकायत के अनुसार, 28 अक्टूबर को आरोपी ने युवती को फोन कर बुलाया। युवती ने उसे बीमा पॉलिसी की जानकारी दी तो उसने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही। इसके बाद शोरगुल का हवाला देकर किसी शांत जगह पर बैठकर प्लान समझने का सुझाव दिया। युवती उसके साथ चली गई। आरोप है कि आरोपी उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां कमरे में पहुंचने के बाद उसने दरवाजा बंद कर युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी देकर फरार हो गया। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची थी, लेकिन पूछताछ में पता चला कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तलाश कर रही है। टीआई सनिप रात्रे के अनुसार, युवती ने शिकायत में बताया है कि लॉज संचालक ने उससे पहचान पत्र लिया था, जबकि आरोपी से बिना आईडी लिए ही कमरा नंबर 124 की चाबी दे दी गई। पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी स्थानीय निवासी था, इसलिए उसका पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस अब इस मामले में लॉज संचालक को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई करेगी।






