कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि रॉयल यात्री बस रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। तानाखार के पास पहुंचने के दौरान बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज कटघोरा CHC में जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की वजह चिंताजनक
रात के अंधेरे में सड़क किनारे भारी वाहन का खड़ा होना और उसकी पर्याप्त दृश्यता नहीं होना हादसे की वजह को लेकर गंभीर और चिंताजनक सवाल खड़े करता है। प्रारंभिक तौर पर बस चालक को ट्रेलर समय पर दिखाई नहीं देने की बात सामने आ रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। यह दुर्घटना हाईवे पर रात के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ाती है। ऐसे वाहनों के पीछे पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की स्थिति में तेज रफ्तार यात्री वाहनों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।




