कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल यात्री बस से ट्रक जा भिड़ी। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि रॉयल यात्री बस रायपुर से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। तानाखार के पास पहुंचने के दौरान बस सड़क किनारे ढाबा के पास खड़ी थी कि रास्ते से गुजरता ट्रक पीछे से जा भिड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बस में सवार व सो रहे दो यात्रियों की मौत हो गई व 6 घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज कटघोरा CHC में जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। (त्रुटि सुधार)




