👉🏻 नशा में पुलिस को गाली देने के बाद घुसा लॉकअप में
👉🏻जांजगीर-चाम्पा जिले में रात का मामला
👉🏻इलाज में आनाकानी के बाद गोपाल शर्मा बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया
जांजगीर-चाम्पा/कोरबा। जिला जांजगीर-चांपा थाना के थाना कोतवाली में उस वक्त हड़कम्प मच गई जब हवालात में घुसकर पत्रकार ने किसी पदार्ध का सेवन कर लिया। मामले में क्या कार्रवाई हुई है या, अपडेट की जानकारी पुलिस की तरफ से अप्राप्त है।
फिलहाल, घटना 16 अप्रैल 2026 को रात लगभग 10:30 बजे की है। पेशे से पत्रकार, कोरबा के कोतवाली थाना अंतर्गत रामसागर पारा का निवासी गोपाल शर्मा पिता स्व. रामेश्वर प्रसाद शर्मा कई वर्षों से जांजगीर-चाम्पा जिले के थाना कोतवाली अंतर्गत निवासरत है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि गोपाल शर्मा घटना समय में शराब के नशे की हालत में थाना कोतवाली आया और कुछ देर बैठने के उपरांत थाना प्रभारी के नाम से गाली-गलौज करने लगा। थाना में उपस्थित स्टाफ द्वारा मना करने पर थाना में विवाद करने लगा जिसे समझाया गया। कुछ देर बाद हवालात में घुसकर अपने साथ प्लास्टिक बोतल में लाये अज्ञात द्रव को पी लिया। उसके पीछे पुलिस स्टाफ लॉकअप में अंदर गया तभी गोपाल शर्मा फर्श पर गिर गया, जिसे उपस्थित थाना स्टाफ द्वारा उठाकर बाहर लाया गया एवं तत्काल इलाज हेतु जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।(उक्त समस्त घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है)। जिला चिकित्सालय में गोपाल शर्मा द्वारा इलाज कराने से इनकार करते हुए काफी व्यवधान उत्पन्न किया गया। गोपाल शर्मा की पत्नी एवं बेटे को फोन से सूचना दिया गया और उनकी गोपाल शर्मा से बात भी कराई गई । मौके पर पुलिस अधिकारी, डॉक्टर एवं कुछ पत्रकार भी उपस्थित थे। उनके समझाइश के बाद भी इलाज से इनकार करते हुए इलाज नहीं करने दिया गया। उसके बेटे आर्यन शर्मा के आने पर गोपाल शर्मा को बिलासपुर के लिए रेफर किया गया।
👉🏻 घटनाक्रम की वजह और अग्रिम कार्रवाई स्पष्ट नहीं
गोपाल शर्मा ने इस तरह की अवांछित/अप्रत्याशित हरकत को क्यों अंजाम दिया? इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। जब हमने इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप से उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन काट दिया गया (कोई व्यस्तता रही होगी, पर कॉल बैक शाम 5:45 बजे तंक नहीं हुआ) जिससे इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी कि आखिर घटना की वजह क्या थी? गोपाल शर्मा थाना में पुलिस अधिकारियों अथवा कर्मियों से क्या चाहता था..? हालांकि, जांजगीर के सूत्र से यह जानकारी अपुष्ट तौर पर जरूर मिली है कि लेन-देन के किसी मामले में गोपाल शर्मा ने थाना में शिकायत की है और वह चाहता है कि उक्त व्यक्ति के विरुद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए जबकि पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और ऐसे ही किसी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना न्यायसंगत नहीं होगा क्योंकि सब कुछ डिस्प्यूट है। दूसरी तरफ गोपाल शर्मा के द्वारा स्वयं को पत्रकार बताकर दबाव डालने की कोशिश की जा रही थी जिसे लेकर कहा-सुनी उत्पन्न हुई और गोपाल शर्मा ने अपने साथ ले जाए गए किसी अज्ञात पदार्थ को पी लिया। बिलासपुर में भर्ती कराये जाने के बाद उसकी हालत कैसी है, उसने क्या पिया था, इसका पता नहीं चल सका है। उसके परिजनों से भी संपर्क नहीं हो पाया है। जांजगीर जिले के एडिशनल एसपी से भी इस विषय में भी कोई जानकारी ज्ञात नहीं हो सकी है कि गोपाल शर्मा के विरुद्ध क्या किसी तरह का आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा, अथवा उसकी नादानी समझकर मामले को यूँ ही जाने दिया जाएगा…!






