👉🏻 सर्वमङ्गला चौक पर प्याऊ का उद्घाटन किया टीआई ने,जानवरों के लिए कोटना, रोपने के लिए पौधे बांटे
कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में जिला पुलिस अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को भी निभाने में बढ़ चढ़कर भूमिका निभा रही है। समय-समय पर सेवाभावी कार्य करते हुए जन समुदाय को लाभान्वित करने की दिशा में भी प्रयास हो रहे हैं।
इसी कड़ी में सर्वमंगला चौक पर कुसमुंडा पुलिस ने पुलिस प्याऊ की स्थापना इस भीषण गर्मी में आमजनों को राहत प्रदान करने के लिए की है।बुधवार को कुसमुण्डा थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडेय के द्वारा पुलिस प्याऊ का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राह से गुजरते राहगीरों को उन्होंने पेयजल वितरण किया।

प्याऊ के बगल ही कोटना भी रखवाया गया है ताकि इंसानों के साथ-साथ बेजुबानों को भी इस तपती दोपहरी और भीषण गर्मी में पानी की राहत मिल सके। यहां चौक पर प्राय: दिन भर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है जिसमें उनके छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल रहते हैं। इनके लिए आसपास पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण कोटना रखवाया गया है ताकि इन्हें भी पीने के लिए पानी मिल सके।
इतना ही नहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए थाना प्रभारी के द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधों का वितरण भी किया गया।

पौधा वितरण करते हुए लोगों से अपील की गई कि वह इसे अपने घर में जरूर लगाएं, साथ ही इसका संरक्षण भी करें। इस अवसर पर थाना प्रभारी के साथ सर्वमङ्गला पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एएसआई विभव तिवारी व स्टाफ भी उपस्थित थे। लोगों ने पुलिस के इस कार्य की सराहना की है।







