कोरबा। कोरबा जिले के केरवा गांव में 27 दिसंबर की रात एक कुएं में किंग कोबरा गिरा हुआ दिखाई दिया जिस पर गांव वालों ने चिंता जाहिर की और बचाने के उद्देश्य से रेस्क्यू टीम को सूचना देना बेहतर समझा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के रेस्क्यू टीम जितेंद्र सारथी को दिया।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी ने इसकी सूचना वन विभाग के उच्च अधिकारियों को दिया जिनके निर्देशानुसार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात के समय घटनास्थल पर निगरानी के लिए अपने कर्मचारियों को तैनात किया, ताकि सांप को किसी प्रकार की हानि न पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी जा सके।
वन विभाग से सूचना प्राप्त होने के बाद तड़के सुबह नोवा नेचर की टीम किंग कोबरा को रेस्क्यू के लिए घटनास्थल पर पहुंची,हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही किंग कोबरा कुएं से स्वयं बाहर निकल चुका था,इसके बाद नोवा नेचर की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसकी जानकारी वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिया।
इस घटना में ग्रामीणों की सतर्कता, वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता महत्वपूर्ण रही, किंग कोबरा जैसे वन्यजीवों की उपस्थिति में घबराने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग को सूचना देना आवश्यक है।
नोवा नेचर की टीम से जितेन्द्र सारथी ने अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें, तो उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, उन्हें पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें तथा तत्काल वन विभाग को सूचित करें,समय पर सूचना देने से मानव तथा वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
हेल्प लाइन नंबर
8817534455,7999622151





