0 नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर फूंका पुतला
कोरबा। लोकसभा में कांग्रेस पार्टी एवं समूचे विपक्षी दलों द्वारा किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर प्रदेश के प्रत्येक जिलों में कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया जा रहा है। कोरबा के टीपी नगर चौक में भी पुतला जलाया गया। महापौर सहित महिलाओं ने माथे पर काली पट्टी लगाकर विरोध जताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं की सहभागिता हो इसलिए यह अधिनियम लाया गया। आरोप है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा की तरह इस बार फिर महिलाओं के साथ छल करते उन्हें उनका अधिकार मिलने रोका है।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा महापौर संजू देवी राजपुत जी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जो मातृशक्ति के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन लेकर आने वाली थी उसे कांग्रेस पार्टी समेत पूरी विपक्षी दल ने इस अधिनियम का विरोध करके उनके जीवन में आने वाली खुशहाली को छीन लिया है। महिलाओं को मिलने वाले अधिकार से उन्हें कांग्रेस पार्टी ने वंचित किया है। कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी पार्टी है जो केवल महिलाओं अपमानित करती है।
उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को लोकसभा व विधानसभाओं में उनका 33 प्रतिशत नेतृत्व सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारी शक्ति वन्दन अधिनियम लाया गया था। देशभर की मातृशक्ति में इस अधिनियम को लेकर काफी उत्साह था।
भाजपा प्रदेश मंत्री ऋतु चौरासिया जी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए सदन में नारी शक्ति वन्दन अधिनियम पेश किया ताकि देश की महिलाएँ 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ लोकसभा एवं विधानसभाओं में नेतृत्व करे और विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूरा करने में सहभागी बने लेकिन कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों को यह नागवार गुजरा और अपने महिला विरोधी चरित्र को एक बार फिर से उजागर करते हुए इस अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस ने इस अधिनियम को पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी मातृशक्ति को केवल वोट बैंक समझती है।
पुतला दहन के दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






