कोरबा। कटघोरा के चर्चित मुरली होटल पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसा है। होटल में असुरक्षित और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। होटल को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी करते हुए क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगा सील कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक होटल में ग्राहक को नाश्ता के दौरान साम्भर में कीड़ा मिला था। यह मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के इंस्पेक्टर विकास भगत व टीम ने कटघोरा स्थित मुरली होटल का निरीक्षण किया। होटल में तैयार किए गए सांभर का सैंपल जांच के लिए लिया। विकास भगत ने बताया कि खबरों के माध्यम से यह संज्ञान में आने पर टीम ने होटल में जांच की,इल्ली पाई गई।
निरीक्षण के दौरान होटल की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था में भी गंभीर खामियां पाई गईं। साथ ही FSSAI के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को आगामी आदेश तक बंद रखने का नोटिस थमा दिया। इसके साथ ही टीम ने मुरली होटल को सील कर दिया है। इसी निरीक्षण के दौरान शारदा स्वीट्स का भी जायजा लिया गया व कार्रवाई की गई।
KORBA: मुरली होटल सील किया गया,नाश्ता में कीड़ा,खाद्य सुरक्षा की अनदेखी







