कोरबा। जिले व शहर में कानून के साथ यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपनी हरकतों से लोगों की जान सांसत में डालने वालों की पहचान व धर पकड़ के उद्देश्य से शुक्रवार शाम ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी की उपस्थिति में व्यस्त मार्ग पर चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात व पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर जांच की।
यातायात ASI मनोज कुमार राठौर ने बताया कि वाहन चालकों का एल्कोमीटर से जांच किया गया कि शराब पिया है या नहीं। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद जवानों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







