0 नहर पुल से रेलवे क्रासिंग तक रोजाना जाम, धूल-डस्ट और गड्ढों से व्यापारी परेशान; बोले- समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा बड़ा आंदोलन
कोरबा। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही पावर हाउस रोड की बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। नहर पुल से रेलवे क्रासिंग तक आए दिन लगने वाला जाम, सड़क पर उड़ती धूल-डस्ट और जगह-जगह गड्ढे व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। कोरबा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू सोनी ने प्रशासन और नगर निगम को चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन से पहले व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो व्यापारियों को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
राजू सोनी ने कहा कि त्योहारी सीजन व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान बाजार में ग्राहकों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। ऐसे में पावर हाउस रोड पर यदि ग्राहक घंटों जाम में फंसेंगे और व्यापारी धूल-डस्ट व बदहाल सड़क के बीच कारोबार करेंगे तो इसका सीधा असर बाजार पर पड़ेगा।
हर साल बढ़ती है समस्या, फिर भी स्थायी समाधान नहीं
पावर हाउस रोड पर जाम की समस्या नई नहीं है। हर वर्ष त्योहारी सीजन में यातायात का दबाव बढ़ने के साथ स्थिति और बिगड़ जाती है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को पहले से पता रहता है कि इस मार्ग पर त्योहारी दिनों में भीड़ बढ़ेगी, इसके बावजूद समय रहते स्थायी व्यवस्था नहीं की जाती।
राजू सोनी ने मांग की है कि केवल जाम लगने के बाद यातायात संभालने की कवायद न हो, बल्कि जाम के वास्तविक कारणों को चिन्हित कर उनका स्थायी समाधान किया जाए। सड़क के गड्ढे भरे जाएं, धूल-डस्ट पर नियंत्रण हो और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए।
धूल और गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी
जाम के साथ सड़क की बदहाली भी व्यापारियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। वाहनों की आवाजाही के बीच बजरी गिट्टियों का बिखराव और उड़ती धूल से दुकानदार परेशान हैं, वहीं गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है और कई स्थानों पर यातायात और धीमा हो जाता है।
व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में बाजार को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की जरूरत है, ताकि ग्राहक बिना परेशानी के खरीदारी कर सकें।
अब देखना है चेतावनी के बाद क्या होता है…?
पावर हाउस रोड की समस्या हर साल त्योहारी सीजन में सामने आती है। इस बार राजू सोनी की आंदोलन की चेतावनी के बाद प्रशासन और नगर निगम के सामने चुनौती है कि वे त्योहारी भीड़ बढ़ने से पहले क्या ठोस कदम उठाते हैं।
व्यापारियों का कहना है कि समस्या सामने आने के बाद इंतजाम करने के बजाय इस बार पहले से तैयारी होनी चाहिए। अब देखना यह है कि राजू सोनी की चेतावनी के बाद पावर हाउस रोड को जाम, धूल-डस्ट और गड्ढों से राहत मिलती है या फिर हर साल की तरह इस बार भी त्योहारी सीजन में व्यापारी और ग्राहक परेशान होते हैं।
KORBA: राजू सोनी ने दी आंदोलन की चेतावनी, त्योहारी सीजन में पावर हाउस रोड बदहाल





