👉🏻 RTI का आवेदन देने पहुंचे ग्रामीण से गाली-गलौज और बाहर जाने की धमकी, पंचायत सचिव के निलंबन की मांग
कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा। ग्राम पंचायत जटगा में पंचायत के शासकीय कामकाज में सरपंच पति के व्यापक हस्तक्षेप को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिकायत की गई है। ग्राम जटगा निवासी दीपक कुमार गुप्ता पिता लेखचंद गुप्ता ने 15 सितंबर 2026 को दिए शिकायत आवेदन में पंचायत सचिव इन्द्र प्रसाद मरकाम तथा सरपंच पति नारायण मरकाम पिता गुलाब मरकाम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार 15 सितंबर को दोपहर करीब 12:15 बजे दीपक कुमार गुप्ता सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत शासकीय जानकारी प्राप्त करने के लिए अपना आवेदन जमा करने ग्राम पंचायत भवन पहुंचे थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस समय पंचायत सचिव इन्द्र प्रसाद मरकाम पंचायत भवन में मौजूद थे, लेकिन निर्वाचित सरपंच की कुर्सी पर सरपंच पति नारायण मरकाम बैठे हुए थे और पंचायत के शासकीय कार्यों का संचालन कर रहे थे।
👉🏻RTI आवेदन देने पर विवाद किया
शिकायत में कहा गया है कि पंचायत सचिव के समक्ष RTI आवेदन प्रस्तुत करने के दौरान सरपंच पति नारायण मरकाम ने अनाधिकृत रूप से शासकीय कुर्सी पर बैठे रहते हुए सूचना मांगने की बात पर आपत्ति की। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता के साथ सार्वजनिक रूप से अमर्यादित एवं अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी तथा पंचायत परिसर से बाहर जाने की धमकी दी।
👉🏻सचिव पर भी गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता ने पंचायत सचिव इन्द्र प्रसाद मरकाम की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सचिव ने एक गैर-संवैधानिक व्यक्ति को सरपंच की शासकीय सीट पर बैठने दिया और शासकीय दस्तावेजों एवं कार्यों में हस्तक्षेप करने की छूट दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके साथ कथित दुर्व्यवहार के दौरान सचिव मूकदर्शक बने रहे। आवेदन में इसे सचिव की पदीय जिम्मेदारियों में लापरवाही, कथित आपराधिक सह-संलिप्तता तथा छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
👉🏻”समानांतर पंचायत चलाने की छूट” का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि शासन के निर्देशों के अनुसार सरपंच पति या किसी रिश्तेदार को पंचायत के शासकीय कार्यों, बैठकों अथवा शासकीय कुर्सी पर हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। इसके बावजूद शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव द्वारा नारायण मरकाम को समानांतर रूप से पंचायत चलाने की खुली छूट दी जा रही है।
👉🏻 सरपंच पति के पूर्व के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता ने सरपंच पति के पूर्व में विवादित एवं सरेआम मारपीट की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव के संरक्षण के कारण वे आम नागरिकों के साथ लगातार अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं, जिससे पंचायत में निष्पक्ष एवं पारदर्शी शासकीय कार्य प्रभावित हो रहा है।
👉🏻सचिव के निलंबन और सरपंच पति पर कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता दीपक कुमार गुप्ता ने मामले को पंचायती राज व्यवस्था की गरिमा और शासकीय नियमों के उल्लंघन से जुड़ा बताते हुए CEO से पंचायत सचिव इन्द्र प्रसाद मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, शासकीय कार्यों में कथित रूप से हस्तक्षेप करने और शिकायतकर्ता से गाली-गलौज करने के आरोप में सरपंच पति नारायण मरकाम के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।




