👉🏻 सभी थाना-चौकी और शासकीय भवनों को झालरों से सजाया गया
कोरबा। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के तमाम थाना- चौकियों से लेकर शासकीय भवनों को रंग-बिरंगे विद्युत झालरों से सजाया गया है। इस कड़ी में सर्वमङ्गला पुलिस सहायता केन्द्र का समूचा परिसर रँगीनियों से जगमगा उठा है। विद्युत बल्बों के अलावा तीन रंगों के गुब्बारों से की गई सजावट देखते ही बनती है। पूर्ण स्वच्छता के साथ जगमग पुलिस सहायता केन्द्र के प्रभारी विभव तिवारी (ASI) ने जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं शासकीय भवनों पर रोशनी करने के निर्देश के तहत इसे अंजाम दिया है।
देश के 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व् संध्या से ही ऊर्जाधानी में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर कोरबा जिले के सभी प्रमुख शासकीय भवनों एवं संस्थानों को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया गया। सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र को भी विशेष रूप से दुल्हन की तरह सजाया गया है, जो आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इसकी भव्यता और रंग-बिरंगी रोशनी दूर से ही लोगों का ध्यान खींच रही है। तिरंगे गुब्बारों से सजी चौकी, झालरों और फोकस लाइट्स से पूरी तरह जगमगा उठी। देशभक्ति गीतों और रोशनी के इस संगम ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय माहौल में बदल दिया।
इस सहायता केन्द्र की सजावट चर्चा का विषय रहती है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सजावट न केवल राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को बढ़ाती है, बल्कि पुलिस और प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश भी देती है।





