कोरबा। शहर के मानिकपुर क्षेत्र अंतर्गत सोमवार की शाम गायत्री नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब गली में खेल रहे बच्चों की नजर अचानक 5 फीट के जहरीले नाग पर पड़ी। बच्चों ने जैसे ही सांप को देखा, वे डरकर इधर-उधर भागने लगे और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
मोहल्ले वालों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बच्चों को वहां से दूर किया और सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़वाने के लिए (आरसीआरएस) संस्था के सदस्य उमेश यादव को सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंचे स्नेक रेस्क्यूअर ने करीबन डेढ़ घंटे की मशक्कत कर सावधानीपूर्वक फंसे हुए नाग को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा। इस दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन कुछ देर के लिए डर और अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना रहा।
सर्पमित्र ने बताया कि किसी भी बेजुबान जीव को मारे नहीं, यह हमारे पर्यावरण के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। इनसे डर नहीं समझदारी दिखाने की जरूरत है।







