👉🏻 चेन्नई से मजदूरी कर घर लौट रहे थे छह साथी, तड़के 4 बजे की वारदात
कोरबा। शहर में सुबह-सुबह लूट की घटना सामने आई। चेन्नई से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे छह साथियों को 14 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे कोरबा रेलवे स्टेशन से नया बस स्टैंड जाते समय संजय नगर नहर किनारे तीन अज्ञात लोगों ने रोक लिया। एक आरोपी ने चाकू दिखाकर मजदूरों से नगदी और दो मोबाइल फोन लूट लिए और तीनों मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ललितपुर, जिला सरगुजा निवासी तेज कुमार नागवंशी 35 वर्ष ने कोरबा कोतवाली में बताया कि वह अपने पांच साथियों के साथ चेन्नई से मजदूरी कर घर लौट रहा था। रेलवे स्टेशन कोरबा से सभी नया बस स्टैंड की ओर जा रहे थे, तभी संजय नगर नहर किनारे तीन अज्ञात व्यक्ति सामने आ गए। इनमें से एक छोटे कद के व्यक्ति ने चाकू दिखाकर रुपये मांगे। तेज कुमार नागवंशी से 4,000 रुपये, विशाल एक्का से 4,000 रुपये, भुवनेश्वर नागवंशी से 2,000 रुपये और देव शंकर नागवंशी से 200 रुपये लूट लिए। इसके अलावा संदीप कुमार कंवर और पनसाय नागवंशी का मोबाइल भी आरोपी ले गए। इस तरह कुल 11,200 रुपये और दो मोबाइल फोन लूटे जाने की शिकायत की गई।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि दोनों बड़े उम्र के आरोपियों ने पनसाय के बाएं हाथ और भुवनेश्वर के बाएं पैर के पीछे डंडे से वार किया। शिकायत में एक आरोपी को छोटे कद का, सांवले रंग का और सफेद शर्ट पहने हुए बताया गया है, जबकि अन्य दो की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।






