👉🏻 मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा
कोरबा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। मुलाकात के दौरान विधायक ने पाली-तानाखार क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों और आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
विधायक श्री मरकाम ने क्षेत्र में शिक्षा, विद्युत, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पाली-तानाखार क्षेत्र की जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की मांगों को शासन के समक्ष लगातार उठाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
👉🏻इन मांगों को रखा मुख्यमंत्री के समक्ष
मुलाकात के दौरान विधायक ने पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख मांगों और प्रस्तावों पर चर्चा की। जिनमें
1.पसान में आईटीआई की स्थापना
2.चोटिया एवं कोरबी क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना
3.पाली-चैतमा क्षेत्र में विद्युत ग्रिड/ग्रिड स्टेशन की स्थापना
4.क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए हैंडपंपों की स्वीकृति
5.पाली-तानाखार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति शामिल हैं।
👉🏻विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री से हुई चर्चा में क्षेत्र के विकास, जनहित और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से बात हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति मिलने से आने वाले समय में क्षेत्र की शिक्षा, विद्युत और पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा आम जनता को इसका लाभ प्राप्त होगा।
👉🏻 क्षेत्रवासियों में बढ़ी उम्मीद
विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मुलाकात को लेकर पाली-तानाखार क्षेत्र के निवासियों में उम्मीद जागी है। स्थानीय स्तर पर यह उम्मीद जताई जा रही है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से पहल होने पर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल सकती है।





