कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के बीच कृष्णानगर की एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) रिंकू तरफदार ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली। मौके से महिला BLO का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने SIR से जुड़े प्रशासनिक दबाव का जिक्र किया है। अपने आखिरी नोट में रिंकू ने चुनाव आयोग को अपनी मौत का कारण बताया।
👉🏻 सुसाइड नोट में यह लिखा
रिंकू तरफदार कृष्णानगर के षष्ठी तलाई इलाके में रहती थीं और चापरा थाना क्षेत्र के बंगालझी इलाके में बूथ नंबर 202 की BLO थीं। काम के अत्यधिक दबाव को सहन न कर पाने के कारण उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा, ‘अगर BLO काम नहीं कर पाए तो एडमिनिस्ट्रेटिव प्रेशर आएगा, यह मैं बर्दाश्त नहीं कर सकती।’
👉🏻खुदकुशी मामले पर सीएम ममता का पोस्ट
इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट कर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, ‘यह जानकर गहरा सदमा लगा कि कृष्णानगर में आज एक और BLO ने आत्महत्या कर ली। एसी 82 चापरा के भाग संख्या 201 की BLO, रिंकू तरफदार ने अपने आखिरी नोट में चुनाव आयोग को दोषी ठहराया। इस SIR के लिए और कितनी जानें जाएंगी? हमें और कितनी लाशें देखनी पड़ेंगी? यह अब वाकई चिंताजनक हो गया है।’ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अब तक देश के अलग अलग राज्यों से कुल 29 BLO की मौत की खबर आ चुकी है।
👉🏻SIR प्रक्रिया कब तक चलेगी?
SIR प्रक्रिया पश्चिम बंगाल में 4 नवंबर 2025 को शुरू हुई थी और यह लगभग एक महीने तक जारी रहेगी। 4 दिसंबर 2025 तक BLO घर-घर जाकर SIR फॉर्म भरेंगे। पूरे सत्यापन और संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग अंतिम मतदाता सूची जारी करेगा।
👉🏻केंद्र सरकार एवं जिला प्रशासन करें विचार
ऐसा एक दिन नहीं गुजर रहा जब किसी BLO की मौत खबर ना आ रही है। 18 दिनों में 29 BLO की मौतों का आंकड़ा यकीनन डराने वाला है। SIR की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के दबाव से परेशान BLO कहीं खुदकुशी कर रहे हैं तो कहीं हार्ट अटैक से मौत हो रही है। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर केंद्र सरकार को शीघ्र कोई निर्णय लेना चाहिए ताकि SIR की प्रक्रिया में तैनात BLO पर काम का दबाव ना पड़े। उन पर स्थानीय प्रशासन भी जरूरत से ज्यादा प्रेशर ना बनाएं। ऐसे में यह भी जरूरी हो चला है कि इसकी तारीख बढ़ाई जाय।
SIR में प्रेशर,BLO ने कर ली खुदकुशी…तय समय में कार्य पूरा करने का दबाव


