👉🏻 राष्ट्रपति के दत्तक विशेष संरक्षित जनजातियों ने मांगी सरकार से राहत
कोरबा। छत्तीसगढ़ विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTGS) के अभ्यर्थियों हेतु 2026 सहायक शिक्षक भर्ती विज्ञापन में पूर्व की भांति आरक्षण फार्म में विकल्प एवं डी.एल.एड, बी.एड, टीईटी में छूट तथा पूर्व भर्ती सहायक शिक्षकों की समस्या का निराकरण के सम्बंध में शासन-प्रशासन से आग्रह किया गया है।
पण्डो जनजाति समाज कल्याण समिति ने कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। साथ ही उनके माध्यम से छत्तीसगढ़ के राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वे विशेष पिछड़ी जनजाति PVTGS – पहाड़ी कोरवा, बैगा, कमार, अबुझमाडिया, बिरहोर, भुजिया तथा पण्डो समाज के प्रतिनिधि हैं। निवेदन किया है कि वर्तमान 2026 छत्तीसगढ़ राज्य में सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ है। PVTGS वर्ग आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से अत्यंत गरीब एवं कमजोर वर्ग है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूर्व में इस वर्ग के उत्थान हेतु विशेष प्रावधान किए गए थे, परंतु अगस्त 2026 वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती में PVTGS अभ्यर्थियों के आरक्षण के प्रावधानों का उल्लेख नहीं है, जिससे PVTGS के अभ्यर्थी सहायक शिक्षक भर्ती से वंचित हो रहे हैं।
अनुरोध किया गया है कि छत्तीसगढ़ राज्य के PVTGS वर्ग के हित में पांच सूत्रीय मांग का निराकरण किया जाय।
- छत्तीसगढ़ राज्य में वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती 2026 के आवेदन फार्म में पूर्व सहायक शिक्षक भर्ती नियम की भांति PVTGS अभ्यर्थियों के लिए अलग विकल्प पुनः जोड़ा जाए।
- छत्तीसगढ़ राज्य के वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में अनुसूचित जनजाति (ST) के कुल पदों में से 20% पद विशेष पिछड़ी जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए पूर्व सहायक शिक्षक भर्ती की भांति आरक्षित किए जाएं।
- छत्तीसगढ़ राज्य के वर्तमान सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में PVTGS अभ्यर्थियों को टी ई टी, डी.एल.एड/बी.एड की योग्यता में छूट देते हुए नियुक्ति के 5 वर्ष के अंदर पूर्ण करने के लिए पूर्व सहायक शिक्षक भर्ती की भांति सुविधा दी जाए।
- छत्तीसगढ़ राज्य के पूर्व सहायक शिक्षक भर्ती में लगभग 400-500 PVTGS सहायक शिक्षकों को विभागीय डी.एल.एड की व्यवस्था की जाए।
- छत्तीसगढ़ राज्य के ऐसे PVTGS अभ्यर्थी जिन्होंने डी.एल.एड कर लिया है परंतु 12वीं में 45% से कम अंक हैं, उन्हें प्रशिक्षित श्रेणी में मानते हुए डी.एल.एड की मान्यता प्रदान की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति के संभागीय कार्यवाहक अध्यक्ष इतवार पण्डो, जिला अध्यक्ष राम प्रसाद पण्डो, जिला उपाध्यक्ष श्रीमति संतोषी पण्डो, जिला सचिव राज कुमार पण्डो, ब्लॉक अध्यक्ष विजय पाल पण्डो, ब्लॉक उपाध्यक्ष मनमोहन पण्डो, ब्लॉक सचिव राज कुमार पण्डो, चन्दन पण्डो, राजा राम पण्डो आदि उपस्थित थे।







