पूर्व पत्नी की मृत्यु एवं शारीरिक बीमारी को मानता था इसका जिम्मेदार
जांजगीर-चांपा। धार्मिक आस्था से जुड़े मामले में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भगवान से नाराज था और शराब के नशे में उसने बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम दिया था।
मामला थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम नरियरा का है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इसके आधार पर आरोपी की पहचान छोटू निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी नरियरा के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले बजरंगबली का भक्त था। पूर्व पत्नी की मृत्यु और स्वयं की शारीरिक बीमारी से परेशान होकर वह इन परिस्थितियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी के चलते उसने 10 नवंबर 2026 को शराब के नशे में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में की गई। मामले में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
भगवान से नाराज था-बजरंग बली पर उतारा गुस्सा






