कोरबा। त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग एक बार फिर जांच की औपचारिकता निभाने शहर के मिठाई और डेयरी कारोबारियों के यहां पहुंच रहा है। त्योहारी सीजन में ही मिलावट की आशंका याद आने पर अलग-अलग प्रतिष्ठानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। नजर लैब रिपोर्ट पर टिकी हुई है लेकिन सैम्पल भेजे जाने और जांच रिपोर्ट आने तक मिठाईयां बिक चुकी होंगी फिर यदि रिपोर्ट निगेटिव आई तो कार्रवाई/जुर्माना ठोंका जाएगा।
टीपी नगर स्थित शुगर क्राउन से काजू कतली और लड्डू के सैंपल जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। पावर हाउस रोड में जगदम्बा डेयरी से पनीर और खोवा के नमूने लिए गए। कुसमुंडा स्थित मॉं कालिका डेयरी से पनीर और खोवा का सैंपल संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए रायपुर स्थित अधिकृत प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूना लैब तक जाने में वक्त लगेगा और यहां कई जिलों के नमूने आए होंगे जिनमें कोरबा से भेजे गए नमूने का नम्बर आने के बाद जांच होगी फिर रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी।
खाद्य विभाग के अनुसार यदि जांच में मिलावट या गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 त्योहारों में बढ़ती है मिलावट की आशंका
त्योहारी सीजन में मिठाईयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की संभावना भी बढ़ जाती है। हालांकि, मिलावट करने वाले सीजन के साथ ही ऑफ सीजन में भी अपना काम कर जाते हैं और अमले को भनक तक नहीं लग पाती।
KORBA:जांच की औपचारिकता निभाने निकला खाद्य सुरक्षा अमला





