कोरबा। जिले में 48 घंटे के दरम्यान 3 मौतें हुई हैं। युवक द्वारा किए गए जानलेवा हमले से एक वृद्ध की जान चली गई और मारपीट का यह मामला हत्या में तब्दील हो गया। एक युवती ने अपनी ड्यूटी से घर लौटने के बाद परिजनों के साथ होली खेली और फिर अज्ञात कारण से फांसी पर लटक गई। कुएं में पानी भरने गई महिला पैर फिसल जाने के कारण गिर पड़ी और डूब जाने से उसकी मौत हो गई। सभी मामलों में मर्ग कायम कर लिया गया है। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बांगो थाना क्षेत्र में होली खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद में बुजुर्ग की जान चली गई।
मोरगा चौकी क्षेत्र के ग्राम अरसिया में होली खेलने के दौरान गांव के ही दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान 26 वर्षीय करण यादव ने 60 वर्षीय देवी दयाल यादव के साथ मारपीट कर दी। आरोपी ने देवी दयाल के मुंह पर मुक्का मारते हुए धक्का दे दिया, जिससे दीवार से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने गम्भीर घायल देवी दयाल को कटघोरा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी करण यादव को गिरफ्तार कर लिया।
👉🏻 दूसरी घटना में शारदा विहार(नमन विहार) में संचालित आयुष्मान हॉस्पिटल में कार्यरत व बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगरी बस्ती निवासी 19 वर्षीय ललिता गभेल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। होली से एक दिन पहले वह ड्यूटी से घर लौटने के बाद दूसरे दिन परिवार के साथ होली खेली। अगले दिन वह कपड़े बदलने के बहाने अपने कमरे में गई और फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा न खोलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उसे फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दी गई। ललिता गभेल अपने पिता जीवन गभेल की तीन संतानों में सबसे बड़ी थी।
👉🏻 तीसरी घटना में बालको थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में गुरुवार शाम 38 वर्षीय चंदा देवी साह कुएं से पानी निकालते वक्त गिर पड़ी।

अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे कुएं में गिर गईं। घटना के समय उसकी दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं। मां को कुएं में गिरते देख दोनों बेटियां घबरा गईं और जोर-जोर से चीखने लगीं। शोर सुनकर आसपास के रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल सीढ़ी और रस्सी की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला। गंभीर हालत में महिला को तुरंत बालको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार गहरे शोक में है।






