0 कांग्रेस नेता ने कलेक्टर से की शिकायत, अधूरा भवन बना बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा
कोरबा। ग्राम पंचायत तिलकेजा में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत निर्माण कार्य में लाखों रुपये के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक अध्यक्ष (युवा कांग्रेस) जयकिशन पटेल ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर पूर्व सरपंच कुलसिंह कंवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जयकिशन पटेल ने सत्यसंवाद को बताया कि ग्राम पंचायत तिलकेजा के प्राथमिक शाला कलमीभाठा में अहाता (बाउंड्रीवाल) निर्माण के लिए 11.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। आरोप है कि पूर्व सरपंच ने दो किश्तों में 9.47 लाख रुपये की राशि आहरित की, लेकिन केवल 7.73 लाख रुपये का ही निर्माण कराया गया। शेष 17.44 लाख रुपये (शिकायत में उल्लेखित राशि) के गबन का आरोप लगाते हुए कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।
सत्यसंवाद को उपलब्ध कराई गई शिकायत में कहा गया है कि स्कूल मुख्य सड़क के किनारे स्थित है और अधूरा अहाता होने के कारण स्कूली बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था एवं वृक्षारोपण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
जयकिशन पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गबन की राशि की वसूली कर अधूरा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। शिकायत जनदर्शन के माध्यम से प्रस्तुत की गई है।
अब इस मामले में जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह पंचायत स्तर पर वित्तीय अनियमितताओं का एक बड़ा मामला साबित हो सकता है।






